SSB की बड़ी कार्रवाई : कोसी नदी से बरामद किया 400 किलो लावारिश गांजा, 1 किलों गांजे के साथ तस्कर को दबोचा

भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में 45वीं वाहिनी SSB को बड़ी सफलता मिली है। एसएसबी ने 401 किलो गांजा बरामद किया है। वहीं एक तस्कर को गिरफ्तार किया है.....

मादक पदार्थ के खिलाफ SSB की बड़ी कार्रवाई- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : बिहार के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB), बीरपुर की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान को बड़ी सफलता मिली है। एसएसबी के जवानों ने दो अलग-अलग अभियानों में कुल 401 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस दौरान एक गांजा तस्कर को भी रंगे हाथ गिरफ्तार करने में कामयाबी मिली है। जप्त किए गए मादक पदार्थ और आरोपी को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु संबंधित थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।


साइकिल से गांजा ला रहे मधुबनी के तस्कर को एसएसबी ने कुनौली में दबोचा 

पहली कार्रवाई 28 सितंबर 2026 की दोपहर सीमा चौकी कुनौली के जवानों द्वारा नियमित गश्त के दौरान की गई। नेपाल की तरफ से साइकिल पर सवार होकर आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को जब रोका गया, तो तलाशी में उसके पास से 1 किलो गांजा बरामद हुआ। पकड़ा गया आरोपी श्यामनारायण, जिला मधुबनी के बगहेवा गांव का निवासी बताया गया है। कुनौली थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।


कोसी नदी की धार में बह रहे ट्यूब से मिला 400 किलो लावारिस गांजा 

दूसरी बड़ी कार्रवाई 29 सितंबर 2026 की अलसुबह सीमा चौकी नरपतपट्टी क्षेत्र में हुई। कोसी नदी में स्पर संख्या 1827 और पिलर संख्या 219/31 के पास नदी की धार में ट्यूब के सहारे तैरता हुआ संदिग्ध बैग दिखाई दिया। एसएसबी की स्पेशल पेट्रोलिंग पार्टी ने रस्सी के सहारे बैग को बाहर निकाला, तो उसमें 12 बड़े पैकेटों में भरा कुल 400 किलोग्राम गांजा पाया गया। इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद रतनपुरा थाना पुलिस को सूचित कर गांजा सौंप दिया गया।


कार्रवाई में एएसआई सतपाल सहाय व एसआई योगेंद्र रहे शामिल 

मादक पदार्थों की बरामदगी के लिए चलाए गए इस सफल अभियान में एसएसबी के सहायक उप निरीक्षक (ASI) सतपाल सहाय, उप निरीक्षक (SI) योगेंद्र सहित कई अन्य जवान मुस्तैदी से शामिल रहे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कोसी नदी के रास्ते इतनी बड़ी मात्रा में गांजा नेपाल से किस तस्कर गिरोह द्वारा भारत की ओर भेजा जा रहा था।


सीमा पर किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी तस्करी: कमांडेंट गौरव सिंह 

45वीं वाहिनी एसएसबी बीरपुर के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों, मादक पदार्थों की तस्करी और घुसपैठ को रोकने के लिए जवानों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि सीमा पार से होने वाली हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है और नशे के सौदागरों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट