सुपौल के धर्मपट्टी काली मंदिर में भीषण चोरी: 5 लाख के आभूषण और कीमती सामान लेकर चोर फरार
Supaul : जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही नगर पंचायत (वार्ड-1) स्थित प्रसिद्ध धर्मपट्टी काली मंदिर में गुरुवार देर रात चोरों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया। चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार सहित तीनों गेटों का ताला तोड़कर माता के सोने-चांदी के आभूषणों समेत करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति उड़ा ली।
ताला तोड़कर गोदरेज और ट्रंक से की चोरी
जानकारी के अनुसार, चोर मंदिर के तीनों गेटों का ताला तोड़कर परिसर में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने अंदर रखे गोदरेज और ट्रंक का ताला तोड़ा। चोरों ने गोदरेज को काफी नुकसान पहुंचाया और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, बाजा और अन्य कीमती सामान समेट कर फरार हो गए।
सुबह पूजा करने पहुंचे लोगों को हुई जानकारी
शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे जब स्थानीय लोग मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, तो उन्होंने गेट और गोदरेज के ताले टूटे हुए देखे और सामान बिखरा पाया। मंदिर में चोरी की खबर इलाके में तेजी से फैल गई, जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। धार्मिक स्थल पर हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश और सुरक्षा को लेकर चिंता है।
वर्षों से श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए थे आभूषण
ग्रामीण नरेन्द्र कुमार झा, प्रमानंद मिश्र, भवानंद मिश्र, प्रकाश मिश्र, ललित नारायण मिश्र और राजीव ठाकुर सहित अन्य लोगों ने बताया कि धर्मपट्टी काली मंदिर इलाके का प्रमुख आस्था का केंद्र है और यहां दीपावली पर भव्य मेला लगता है। श्रद्धालुओं द्वारा वर्षों से माता को चढ़ाए गए आभूषण और अन्य सामग्री मंदिर के गोदरेज में सुरक्षित रखी गई थी। चोरी गए कुल सामान की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत डायल-112 को सूचित किया। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि चोरी की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम को भेजा गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। ग्रामीणों से लिखित आवेदन मांगा गया है, जिसके प्राप्त होते ही आगे की कानूनी कार्रवाई और चोरों की तलाश शुरू कर दी जाएगी।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट