खेत में काम के दौरान करंट लगने से अधेड़ किसान की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
Supaul : जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। हुलास पंचायत के वार्ड संख्या-7 में सोमवार को खेत में काम करने के दौरान बिजली का करंट लगने से एक अधेड़ किसान की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान हुलास पंचायत के वार्ड संख्या-8 निवासी ढालो कामत (45 वर्ष), पिता- स्वर्गीय अनंत कामत के रूप में हुई है। इस असमय मौत के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।
खाना खाने के दौरान आए बिजली तार की चपेट में
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11 बजे ढालो कामत मधेपुरा उप शाखा नहर के किनारे अपने खेत में काम कर रहे थे। स्थानीय निवासी राम कामत ने बताया कि काम के दौरान ही वे खाना खाने के लिए बैठे थे, तभी वे अचानक ऊपर से गुजर रहे बिजली के चालू तार के संपर्क में आ गए। करंट इतना जोरदार था कि बुरी तरह झुलसने के कारण मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
कमाऊ सदस्य की मौत से परिवार पर आर्थिक संकट
ढालो कामत ही अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे, जिनकी मौत से पूरे परिवार के सामने अब भरण-पोषण और आर्थिक संकट का बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। उनके पीछे परिवार में दो बेटे और एक बेटी सहित अन्य सदस्य बेसहारा हो गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के कारणों पर बिजली विभाग और ग्रामीणों के दावे अलग
इस हादसे को लेकर बिजली विभाग और स्थानीय ग्रामीणों के बीच विरोधाभासी बातें सामने आ रही हैं। जहाँ एक तरफ ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाई-टेंशन लाइन की चपेट में आने से यह बड़ा हादसा हुआ; वहीं दूसरी तरफ राघोपुर विद्युत उपकेंद्र के कनीय अभियंता (JE) कृष्ण कुमार यादव ने ग्रामीणों के दावे को खारिज कर दिया है। जेई का कहना है कि किसान की मौत 11 हजार वोल्ट की लाइन से नहीं, बल्कि खेत की पटवन (सिंचाई) के दौरान वहां से गुजरे सर्विस वायर (घरेलू आपूर्ति तार) के संपर्क में आने के कारण हुई है।
घटनास्थल पर उमड़ी भीड़, कानूनी प्रक्रिया जारी
किसान की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौके पर जमा हो गए। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस प्रशासन को दे दी गई है, जिसके बाद पुलिस और संबंधित विभाग मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई और शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुट गए हैं। ग्रामीण पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट