नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत: मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, मामले की जांच मे जुटी पुलिस

नवविवाहिता की संदिग्ध मौत - फोटो : (मृतका की फाइल फोटो)

Supaul : जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के हरिपुर पंचायत अंतर्गत रघानगर गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव ससुराल के घर में बेड पर पड़ा मिला। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हैं।


इसी वर्ष फरवरी में हुई थी शादीआठ दिन पहले लौटी थी ससुराल

मृतका के परिजनों के अनुसार, प्रीति कुमारी की शादी इसी साल 13 फरवरी को अमलेश सादा के साथ हुई थी। घर में एक रिश्तेदार की मृत्यु के बाद वह करीब आठ दिन पहले ही मायके से विदाई कराकर अपने ससुराल लौटी थी।


मायके पक्ष ने लगाया हत्या का गंभीर आरोप

मृतका के भाई बिजेंद्र सादा ने ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि बुधवार रात तक बहन से सामान्य बातचीत हुई थी, लेकिन गुरुवार सुबह ससुर का फोन आया कि जल्दी घर पहुंचो। जब मायके वाले वहां पहुंचे तो प्रीति का शव बिस्तर पर मिला।


पुलिस और एफएसएल टीम साक्ष्य जुटाने में जुटी

सूचना मिलते ही राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को हत्या से जोड़कर जांच कर रही है। घटनास्थल की बारीकी से जांच के लिए एफएसएल (FSL) टीम को बुलाया गया है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। 


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट