सुपौल में 9 ग्रामीण हाट-बाजारों का होगा विकास, डीडीसी ने किशनपुर उत्तर और तुलापट्टी में कार्यारंभ का किया निरीक्षण
Supaul : जिले के ग्रामीण इलाकों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'विकसित भारत- गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन-ग्रामीण' (VB-G RAM G) योजना के तहत आधुनिक एवं स्थायी हाट-बाजारों का निर्माण कराया जा रहा है। इसी क्रम में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) इंद्रवीर कुमार ने रविवार को किशनपुर उत्तर और तुलापट्टी का दौरा कर वहां चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और निर्माण प्रगति का गहन निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई योजना से 9 हाट-बाजारों का होगा कायाकल्प
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों के साथ बातचीत कर योजना के उद्देश्यों एवं दूरगामी लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना की शुरुआत बिहार के मुख्यमंत्री द्वारा पूरे राज्य में की गई है। इसके अंतर्गत सुपौल जिले में कुल 9 ग्रामीण हाट-बाजारों को चिन्हित कर उनका सर्वांगीण विकास किया जा रहा है, ताकि स्थानीय व्यापार को नया आधार मिल सके।
किसान, कारीगर और स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा स्थायी बाजार व रोजगार
यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों, छोटे दुकानदारों, स्वयं सहायता समूहों (SHGs), हस्तशिल्प कारीगरों तथा छोटे उद्यमियों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगी। इसके माध्यम से उन्हें अपने उत्पादों की बिक्री के लिए एक सुव्यवस्थित और स्थायी स्थान प्राप्त होगा। पुरानी अस्थायी दुकानों की जगह आधुनिक बुनियादी ढांचा तैयार होने से स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था आत्मनिर्भर बनेगी।
गुणवत्ता और प्राक्कलन के अनुरूप कार्य कराने का अधिकारियों को दिया सख्त निर्देश
निर्माण कार्य का जायजा लेने के उपरांत डीडीसी ने किशनपुर के कार्यक्रम पदाधिकारी तथा कनीय अभियंता को स्पष्ट हिदायत दी कि हाट का निर्माण स्वीकृत प्राक्कलन और निर्धारित मानकों के अनुसार ही होना चाहिए। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीआरडीए निदेशक समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
स्थल निरीक्षण के इस अवसर पर डीआरडीए सुपौल के निदेशक (एनईपी) अनित कुमार, कार्यक्रम पदाधिकारी पंकज गिरी, कनीय अभियंता मिथिलेश कुमार, पीटीए, पीआरएस के साथ-साथ स्थानीय ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए हाट-बाजार के निर्माण को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट