अनियंत्रित बस ने स्कूटी सवार युवक को कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत

सुपौल जिले मे रफ्तार का कहर थमने का नाम नही ले रहा है। शनिवार को एकबार फिर तेज रफ्तार ने एक युवक की जान ले ली। एक तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार युवक को रौंद डाला, घटना में युवक की मौके पर मौत हो गई....

सड़क दुर्घटना में युवक की मौत- फोटो : सांकेतिक तस्वीर

Supaul : सुपौल-भपटियाही मार्ग स्थित एनएच-327 पर सुकुमारपुर गांव के समीप शनिवार की देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रही एक अनियंत्रित बस की चपेट में आने से स्कूटी सवार 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, जबकि बस चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार होने में कामयाब रहा।


बेरिया निवासी मनु कुमार के रूप में हुई मृतक की पहचान 

मृतक युवक की पहचान बेरिया (वार्ड नंबर-1) निवासी हरेराम सूतिहार के 25 वर्षीय पुत्र मनु कुमार के रूप में की गई है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, मनु शनिवार शाम करीब सात बजे गांव के ही एक व्यक्ति से स्कूटी मांगकर किसी जरूरी काम से सुपौल शहर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सुकुमारपुर गांव के पास यह हादसा हो गया और उसने अपनी जान गंवा दी।


ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित हुई बस 

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुपौल से भपटियाही की ओर जा रही बस एक वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में पूरी तरह अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित बस ने सामने से आ रहे स्कूटी सवार मनु को अपनी चपेट में ले लिया और उसे कुचलते हुए कुछ दूरी तक घसीटती चली गई। गंभीर रूप से कुचले जाने के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई।


पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को किया जब्त, पोस्टमार्टम के बाद सौंपा शव 

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी और मां दुर्गा ट्रैवल्स की बस को अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम की आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।


आवेदन मिलने पर होगी आगे की कानूनी कार्रवाई: सदर थानाध्यक्ष 

सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने घटना के संबंध में बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि घटना को लेकर परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि परिजनों से लिखित आवेदन मिलते ही मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और फरार बस चालक की तलाश की जाएगी।

विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट