सुपौल की शिक्षिका कल्याणी स्वरूपा का देशभक्ति गीत कोलकाता में रिलीज; बॉलीवुड सिंगर कुमार सानू ने दी अपनी आवाज
Supaul : जिले की प्रतिभाशाली शिक्षिका एवं गीतकार कल्याणी स्वरूपा ने अपनी उत्कृष्ट रचना से एक बार फिर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सुपौल नगर परिषद (वार्ड नंबर-14) निवासी अधिवक्ता वीरेंद्र कुमार झा की पत्नी एवं शिक्षिका कल्याणी स्वरूपा द्वारा रचित देशभक्ति गीत को बॉलीवुड के प्रख्यात पार्श्व गायक कुमार सानू ने अपनी आवाज दी है। यह गीत सोमवार, 10 अगस्त 2026 को कोलकाता में एक भव्य कार्यक्रम के दौरान रिलीज किया गया।
स्वतंत्रता दिवस को ध्यान में रखकर रचा गया है गीत
शिक्षा के साथ-साथ साहित्य व संगीत के क्षेत्र में सक्रिय कल्याणी स्वरूपा द्वारा रचित इस गीत में राष्ट्रप्रेम, वीर शहीदों की शहादत और तिरंगे के सम्मान को बहुत ही भावपूर्ण शब्दों में पिरोया गया है। आगामी 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) के पावन अवसर को ध्यान में रखकर तैयार किए गए इस गीत को सुनकर श्रोताओं में देशप्रेम का नया उत्साह संचारित हो रहा है।
गीत के भावों से प्रभावित होकर कुमार सानू ने गाया गीत
बताया गया कि कल्याणी स्वरूपा के लिखे शब्दों की गहराई और राष्ट्रभक्ति के भावों से प्रभावित होकर ही पार्श्व गायक कुमार सानू ने इस गीत को स्वर देने की सहमति दी थी। कोलकाता में इसके रिलीज होने के बाद से ही सोशल मीडिया एवं संगीत प्रेमियों के बीच इस गीत को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है।
सुपौल जिले में गर्व और हर्ष का माहौल
एक स्थानीय शिक्षिका द्वारा लिखे गए गीत को राष्ट्रीय स्तर के गायक की आवाज मिलने से सुपौल के शिक्षक समुदाय, विद्यार्थियों और साहित्य-संगीत प्रेमियों में खुशी और गर्व का माहौल है। स्थानीय प्रबुद्धजनों का कहना है कि यह उपलब्धि जिले के युवा रचनाकारों और कला-साहित्य से जुड़े लोगों के लिए बेहद प्रेरणादायी साबित होगी।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट