इलाज के दौरान किशोर की मौत पर फूटा लोगों का गुस्सा, राष्ट्रीय राजमार्ग-27 जाम कर किया प्रदर्शन

किशोर की मौत पर फूटा लोगों का गुस्सा- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र में बीते 27 जुलाई को हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल 15 वर्षीय संतोष कुमार की बुधवार को नेपाल के एक न्यूरो अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। दुर्घटना के बाद उसे प्राथमिक उपचार के लिए राघोपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया था, जहां से हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे नेपाल रेफर कर दिया था। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा।


NH-27 पर माकेर गढ़िया चौक के पास प्रदर्शन, वाहनों की लगीं लंबी कतारें

आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (NH-27) पर माकेर गढ़िया चौक से पश्चिम नारायणपुर के पास सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मृतक के परिजनों को उचित आर्थिक मुआवजा व सरकारी योजनाओं का लाभ देने की मांग रखी। हाइवे जाम होने के कारण दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।


परिजनों ने लगाया मदद न मिलने का आरोप, मुआवजे की उठाई मांग

मृतक के परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद से लेकर अब तक उन्हें प्रशासनिक स्तर पर किसी प्रकार की सहायता या सहयोग नहीं मिला। उन्होंने सरकार और स्थानीय प्रशासन से मांग की कि गरीब परिवार को तुरंत उचित मुआवजा दिया जाए और आश्रितों को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए।


अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की पहल पर 2 घंटे बाद खत्म हुआ जाम

घटना की सूचना मिलते ही भपटियाही थानाध्यक्ष जय प्रकाश चौधरी, प्रखंड प्रमुख विजय यादव, BDO अच्युतानंद, CO राकेश रंजन, सर्किल इंस्पेक्टर संजय कुमार यादव और पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार समेत कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की कागजी प्रक्रिया शुरू करने और उचित कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया गया। इसके बाद करीब दो घंटे से जारी सड़क जाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल कराया जा सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।