सुंदर सुपौल के निर्माण को जनप्रतिनिधि और अधिकारी मिलकर करें काम: प्रभारी मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा

Bihar News : सुपौल के जिला प्रभारी मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की संयुक्त भूमिका पर बल दिया गया....

मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक - फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : योजना एवं विकास विभाग, बिहार सरकार के मंत्री सह सुपौल जिला प्रभारी मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं लोक-कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में विकास कार्यों को गति देने के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर सांसद दिलेश्वर कामैत, विधान परिषद सदस्य अजय कुमार सिंह, कई स्थानीय विधायकों सहित जिला स्तरीय प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।


प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की संयुक्त भूमिका पर दिया बल

बैठक की शुरुआत जिलाधिकारी सह सदस्य सचिव सावन कुमार द्वारा प्रभारी मंत्री एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों के स्वागत से हुई। प्रभारी मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने अल्प सूचना पर बैठक आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर नियमित समीक्षा आवश्यक है। उन्होंने रेखांकित किया कि सरकार की मंशा के अनुरूप जनता तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने के लिए प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों की संयुक्त भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे योजनाओं के क्रियान्वयन में पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता बनाए रखें।


विकास योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग और प्रशासनिक प्रतिबद्धता

नई सरकार के गठन के बाद आयोजित इस पहली बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से योजनाओं की अद्यतन स्थिति और उपलब्धियों की जानकारी दी गई। बैठक के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, आपदा प्रबंधन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, कृषि, ऊर्जा और समाज कल्याण सहित दो दर्जन से अधिक विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी सावन कुमार ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जिला प्रशासन विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है और उन्होंने आश्वस्त किया कि बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों का विधिवत अनुपालन किया जाएगा।


‘सरकार आपके द्वार’ और सहयोग शिविरों के जरिए त्वरित समाधान

प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाया जा रहा “सरकार आपके द्वार” अभियान आम लोगों को लाभ पहुंचाने की दिशा में एक बड़ी पहल है। सात निश्चय-3 कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। प्रगति की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 19 मई को जिले की 22 पंचायतों में आयोजित शिविरों से अब तक कुल 3,201 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 2,745 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। शेष 458 मामलों पर त्वरित कार्रवाई जारी है और सभी आवेदनों का 30 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।


संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की स्थिति से निपटने की प्रशासनिक तैयारी

जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक समाप्त होने के बाद समाहरणालय में ही प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में जिला अनुश्रवण समिति की बैठक भी आयोजित की गई। इस बैठक में आगामी मौसम को देखते हुए संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने आपदा प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियों की सराहना की और सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट