सुपौल की बेटी राजलक्ष्मी ने जिले का बढ़ाया गौरव, बिहार स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में हासिल की दूसरा स्थान

सुपौल की बेटी राजलक्ष्मी ने किया कमाल- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड अंतर्गत सरायगढ़ पंचायत निवासी बलराम प्रसाद सिंह और 'टॉप 100 वुमन अचीवर्स ऑफ इंडिया अवार्ड' से सम्मानित शिक्षिका व समाजसेविका बबीता कुमारी की सुपुत्री क्रिकेटर राजलक्ष्मी ने जिले का नाम रोशन किया है। राजलक्ष्मी ने बिहार स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, राजगीर द्वारा आयोजित पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग (क्रिकेट) के प्रथम बैच (सत्र 2025-26) में पूरे विश्वविद्यालय में द्वितीय स्थान हासिल किया है। उनकी इस बड़ी उपलब्धि से पूरे कोसी क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।


बीसीसीआई और बिहार राज्य महिला टीम का कर चुकी हैं प्रतिनिधित्व

प्रतिभावान महिला खिलाड़ी राजलक्ष्मी बीसीसीआई (BCCI) द्वारा आयोजित अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर वर्ग में बिहार महिला क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उन्होंने हैदराबाद (आंध्र प्रदेश), त्रिवेंद्रम (केरल) तथा सचिन तेंदुलकर स्टेडियम (मुंबई) में आयोजित इंटर-स्टेट क्रिकेट टूर्नामेंट में बिहार टीम की ओर से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। सुपौल जिला क्रिकेट एसोसिएशन की पंजीकृत खिलाड़ी के रूप में उन्होंने इंटर्नशिप के दौरान स्थानीय बच्चों को क्रिकेट की कोचिंग भी दी है।


हाजीपुर में सीनियर महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में दिखाई प्रतिभा

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित सत्र 2025-26 के सीनियर महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में भी राजलक्ष्मी ने भाग लिया। हाजीपुर के बिदुपुर क्रिकेट ग्राउंड में 8 से 11 जून तक आयोजित टी-20 और 13 से 20 जून 2026 तक आयोजित वनडे सीनियर महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में उन्होंने अपनी बेहतरीन खेल क्षमता का परिचय दिया।


खेल के साथ पढ़ाई में भी अव्वल, पटना साइंस कॉलेज से की है पढ़ाई

राजलक्ष्मी केवल खेल में ही नहीं, बल्कि पढ़ाई-लिखाई में भी बेहद मेधावी रही हैं। उन्होंने जूलॉजी (Zoology) विषय से एमएससी (M.Sc) की डिग्री हासिल की है। इससे पूर्व पटना साइंस कॉलेज से जूलॉजी ऑनर्स के साथ पढ़ाई करते हुए उन्होंने एनसीसी (NCC) में भी भाग लिया और कॉलेज की एथलेटिक्स मीट में उनकी टीम ओवरऑल चैंपियन रही थी।


बधाइयों का लगा तांता, खेल प्रेमियों ने जताया गर्व

राजलक्ष्मी की इस दोहरी सफलता पर सुपौल जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष राघवेंद्र झा, उपाध्यक्ष शंकर गुरमैता, सचिव नवीन कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार झा सहित कई जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों और समाजसेवियों ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। सभी का कहना है कि राजलक्ष्मी की यह उपलब्धि जिले की अन्य बेटियों को आगे बढ़ने और खेल व शिक्षा में नया मुकाम हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट