सुपौल में बेखौफ अपराधियो का तांडव : दिनदहाड़े युवक को मारी गोली, इलाके में दहशत

सुपौल जिले में अपराधियों के हौसले काफी बुलंद हो गए है। उन्हें पुलिस और कानून का भय नही रह गया है। मंगलवार को बेखौफ बदमाशों ने दिन-दहाड़े एक युवक को गोली मार दी। घटना में गंभीर रुप से घायल युवक का अस्पताल मे इलाज चल रहा है...

सुपौल में दिनदहाड़े युवक को मारी गोली- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : बिहार के सुपौल जिले में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े गोलीबारी कर सनसनी फैला दी। पिपरा थाना क्षेत्र के झिरका नहर (वार्ड संख्या-12) के समीप मंगलवार सुबह बाइक से जा रहे एक युवक पर बदमाशों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली युवक के सीधे सीने में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से बड़ी आसानी से फरार हो गए।


मामा के घर से लौटते वक्त घात लगाए अपराधियों ने किया हमला

घायल युवक की पहचान गौरवगढ़ निवासी भूमि यादव के 22 वर्षीय पुत्र रंजीत कुमार यादव के रूप में हुई है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रंजीत अपने मामा रामानंद यादव के घर झिरका आया हुआ था। मंगलवार सुबह जब वह वापस अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया।


प्राथमिक उपचार के बाद रेफर, निजी अस्पताल में हुआ सफल ऑपरेशन

गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और लहूलुहान स्थिति में रंजीत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, किशनपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए सदर अस्पताल, सुपौल रेफर कर दिया। वहां भी स्थिति गंभीर रहने पर परिजन उसे शहर के एक निजी ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों की टीम ने सफल ऑपरेशन कर सीने में फंसी गोली को बाहर निकाल लिया। फिलहाल युवक की स्थिति पर डॉक्टर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।


घटनास्थल से जिंदा कारतूस बरामद, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस की टीम आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। इसके साथ ही संदिग्ध ठिकानों पर पुलिस की लगातार छापेमारी जारी है।


पुलिस का दावा: जल्द होगा मामले का खुलासा

पिपरा थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि घटना के सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा और घटना का पर्दाफाश किया जाएगा। वहीं, दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना से स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश और दहशत का माहौल है।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट