अगस्त की सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि लाभार्थियों के खाते में अंतरित, सुपौल के 2.63 लाख लाभार्थियों को मिले 28.80 करोड़ रुपये

अगस्त की सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि लाभार्थियों के खाते में अंतरित- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यभर के 1,05,67,975 लाभार्थियों के बैंक खातों में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत अगस्त 2026 की पेंशन राशि डीबीटी (DBT) के जरिए अंतरित की। इस दौरान प्रत्येक लाभार्थी को 1100 रुपये की दर से राशि प्रदान की गई, जिससे राज्यभर के खातों में कुल 12,33,86,79,800 रुपये की बड़ी राशि का सीधे तौर पर अंतरण किया गया।


सुपौल जिले के 2.63 लाख से अधिक लोगों के खातों में पहुंचे 28.80 करोड़ 

राज्यव्यापी इस कार्यक्रम के क्रम में सुपौल जिले के कुल 2,63,342 लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 28,80,93,200 रुपये की पेंशन राशि भेजी गई। जिले में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत जुड़े पात्र लाभार्थियों को इस प्रत्यक्ष लाभ अंतरण योजना का सीधा लाभ मिला है, जिससे जरूरतमंदों को बड़ी आर्थिक राहत पहुंची है।


विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को हुआ विस्तृत वित्तीय लाभ 

योजनावार आंकड़ों के अनुसार, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 1,72,308 लाभार्थियों को 20,32,93,200 रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 49,535 लाभार्थियों को 5,46,28,500 रुपये और लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 11,752 लाभार्थियों को 1,33,83,400 रुपये दिए गए। इसके अलावा, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 13,781 लाभार्थियों को 1,53,68,200 रुपये, बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के 15,169 लाभार्थियों को 1,69,09,700 रुपये तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 797 लाभार्थियों को 8,76,700 रुपये की राशि अंतरित की गई।


लहटन चौधरी सभागार में आयोजित हुआ जिला स्तरीय सीधा प्रसारण 

पेंशन राशि अंतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखने के लिए सुपौल जिला मुख्यालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में विशेष जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के 100 से अधिक लाभार्थियों के साथ-साथ जिलाधिकारी सावन कुमार सहित कई प्रमुख जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।


समय पर पेंशन मिलने से लाभार्थियों ने जताया सरकार के प्रति आभार 

खातों में समय पर पेंशन राशि अंतरित होने से प्रसन्न लाभार्थियों ने सरकार और जिला प्रशासन के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने समयबद्ध तरीके से पेंशन राशि उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन के प्रति आभार जताया। 


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट