सुपौल में सोलर सेवा सेतु कैंप का आयोजन: सांसद दिलेश्वर कामत रहे मुख्य अतिथि, लाभुकों और बैंक कर्मियों को किया गया सम्मानित

सुपौल में सोलर सेवा सेतु कैंप का आयोजन- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और आम लोगों को इसका सीधा लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से मंगलवार को त्रिवेणीगंज में 'सोलर सेवा सेतु' कैंप का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में सुपौल के सांसद दिलेश्वर कामत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।


अधिकारी, जनप्रतिनिधि और उपभोक्ता रहे मौजूद 

कैंप में त्रिवेणीगंज के अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल (सुपौल) के विद्युत कार्यपालक अभियंता, प्रखंड प्रमुख, बीस सूत्री अध्यक्ष, विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि, बैंक प्रतिनिधि, सोलर वेंडर और बड़ी संख्या में स्थानीय उपभोक्ता शामिल हुए।


लाभुकों और बैंक कर्मियों का सम्मान 

कार्यक्रम के दौरान अपने घरों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम सफलता पूर्वक स्थापित करा चुके लाभुकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं को ऋण (Loan) वितरण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले बैंक कर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए तथा पात्र लाभुकों को चेक वितरित किए गए।


रूफटॉप सोलर पर 3 किलोवाट तक आकर्षक सब्सिडी 

कैंप में आए अधिकारियों ने योजना के तहत केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी की दरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी:

  • 1 किलोवाट सिस्टम: ₹30,000 (केंद्र) + ₹10,000 (राज्य) = कुल ₹40,000 सब्सिडी
  • 2 किलोवाट सिस्टम: ₹60,000 (केंद्र) + ₹20,000 (राज्य) = कुल ₹80,000 सब्सिडी
  • 3 किलोवाट सिस्टम: ₹78,000 (केंद्र) + ₹20,000 (राज्य) = कुल ₹98,000 सब्सिडी


स्वच्छ ऊर्जा अपनाने और बिजली बिल बचाने की अपील 

अधिकारियों और अतिथियों ने आम जनमानस से अपील की कि वे इस कल्याणकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने छतों पर रूफटॉप सोलर लगवाएं। इससे न केवल मासिक बिजली बिलों में भारी बचत होगी, बल्कि पर्यावरण-अनुकूल और हरित ऊर्जा (Green Energy) को भी बढ़ावा मिलेगा।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट