विधि-व्यवस्था दुरुस्त करने सड़क पर उतरे एसपी, चेकपोस्टों का औचक निरीक्षण कर दिए सख्त निर्देश

सुपौल जिले में कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाने को लेकर एसपी खुद सड़क पर उतरे। एसपी ने जिले में विभिन्न स्थलों पर स्थापित पुलिस चेकपोस्टों का औचक निरीक्षण किया और कई कड़े निर्देश दिए.....

एसपी ने चेकपोस्टों का किया निरीक्षण- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले में विधि-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त और प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (एसपी) शरथ आर एस ने विभिन्न स्थलों पर स्थापित पुलिस चेकपोस्टों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी ने चेकपोस्टों पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की कार्यप्रणाली, सुरक्षा प्रबंधों तथा दैनिक वाहन जांच प्रक्रिया का गहन जायजा लिया।


ड्यूटी रोस्टर और अभिलेखों की हुई जांच, तैनात जवानों की कार्यप्रणाली को परखा 

स्थलीय निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने चेकपोस्टों पर संधारित किए जा रहे पंजियों (रजिस्टर), अभिलेखों और ड्यूटी रोस्टर का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों व जवानों से सीधे बातचीत कर उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली तथा ड्यूटी के दौरान आ रही व्यावहारिक समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


सघन वाहन जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश 


एसपी शरथ आर एस ने चेकपोस्ट पर मौजूद अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि क्षेत्र से गुजरने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों की नियमित और सघन जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, अवैध वस्तु या वाहन की आवाजाही पर विशेष नजर रखी जाए और किसी भी प्रकार की अवांछित या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को साझा की जाए।


ड्यूटी में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने विधि-व्यवस्था के प्रति पुलिसकर्मियों को हर समय मुस्तैद रहने का निर्देश दिया। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि कर्तव्य के निर्वहन में किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसपी ने चेकपोस्ट पर तैनात सभी जवानों को पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी निभाने पर विशेष जोर दिया।


जिले में शांति व्यवस्था कायम रखना सर्वोच्च प्राथमिकता: पुलिस अधीक्षक 

निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक ने दोहराया कि जिले में शांति, कानून और व्यवस्था बनाए रखना पुलिस महकमे की सर्वोच्च प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सीमावर्ती व संवेदनशील क्षेत्रों में स्थित चेकपोस्टों पर प्रभावी निगरानी और पारदर्शी वाहन जांच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस की इस सक्रियता से आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगेगा और आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।

विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट