सुपौल में रफ्तार का कहर: NH-27 पर सड़क हादसे में आंगनबाड़ी सेविका की दर्दनाक मौत

बिहार के सुपौल में एनएच-27 पर झाझा पेट्रोल पंप के पास एक भीषण सड़क हादसे में आंगनबाड़ी सेविका सुनीता कुमारी (50 वर्ष) की मौत हो गई। वह विभागीय बैठक खत्म कर बाइक से घर लौट रही थीं, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी...

सड़क हादसे में आंगनबाड़ी सेविका की मौत- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र अंतर्गत झाझा स्थित एनएच-27 पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार के कहर ने एक आंगनबाड़ी सेविका की जान ले ली। इस भीषण दुर्घटना में मृतका की पहचान किशनपुर प्रखंड के परसामाधो पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-09 की सेविका सुनीता कुमारी (50 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद से ही मृतका के परिजनों और पूरे गांव में कोहराम मच गया है।


विभागीय बैठक से लौट रही थीं घर: पीछे से तेज रफ्तार बाइक ने मारी जोरदार टक्कर

मिली जानकारी के मुताबिक, सुनीता कुमारी किशनपुर प्रखंड में आयोजित एक महत्वपूर्ण विभागीय बैठक में शामिल होने के लिए गई थीं। बैठक समाप्त होने के बाद वह बाइक पर सवार होकर वापस अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान जैसे ही उनकी बाइक झाझा पेट्रोल पंप के समीप पहुंची, तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बाइक ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी।


अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि सुनीता कुमारी बाइक से छिटककर सड़क पर दूर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरायगढ़-भपटियाही पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल के चिकित्सकों ने गहन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया था।


तीन बेटे और एक बेटी के सिर से उठा मां का साया

मृतका सुनीता कुमारी किशनपुर प्रखंड के कुपहा वार्ड संख्या-06 की मूल निवासी थीं, और उनके पति का नाम भरत कुमार भारती है। उनके परिवार में तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। जैसे ही हादसे की खबर परिजनों तक पहुँची, अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इस अचानक हुई त्रासदी से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।


पुलिसिया कार्रवाई: शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही भपटियाही थाना पुलिस फौरन मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष जय प्रकाश चौधरी ने बताया कि शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाली बाइक और उसके चालक की तलाश सहित मामले के अन्य कारणों की जांच में जुट गई है।

विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट