सुपौल में रफ्तार का कहर: ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर से बाइक सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत, परिजनों में मचा कोहराम
सुपौल जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई है। घटना के बाद परिवार मे कोहराम मचा हुआ है.....
Supaul : जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र के हृदयनगर स्थित पेट्रोल पंप के समीप एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार तीनों लोगों की मौत हो गई।
2 महिला समेत तीन की मौत
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 26 वर्षीय अरविंद ऋषिदेव, उनकी 22 वर्षीय पत्नी सुरती देवी और साली मूर्ति देवी के रूप में हुई है। सभी मृतक भीमनगर थाना क्षेत्र के कटैया 22 आरडी वार्ड 2 के निवासी बताए गए हैं।
रिश्तेदार से मिलकर लौट रहे थे घर
जानकारी के अनुसार, तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर नेपाल के हरिपुर से अपने किसी रिश्तेदार से मिलकर वापस अपने घर कटैया लौट रहे थे, तभी हृदयनगर के समीप यह हादसा हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
दुर्घटना के बाद एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक और दूसरी महिला को वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सुपौल सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन सदर अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वीरपुर थानाध्यक्ष संजय दास ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को पुलिस ने जब्त कर लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट