देश सेवा के 8 साल बाद SSB की खोजी श्वान ‘क्यूटी’ हुई रिटायर, निःशुल्क गोद लेने के लिए खुले आवेदन
भारत-नेपाल सीमा पर मुस्तैदी से तैनात 45वीं वाहिनी SSB, वीरपुर की जांबाज मादक पदार्थ खोजी श्वान (Sniffer Dog) 'क्यूटी' 8 साल की शानदार देश सेवा के बाद सेवानिवृत्त हो गई है। अब ‘क्यूटी’ को एक ऐसे आशियाने की तलाश है जहां उसे सुकुन का जीवन मिल सके...
Supaul : भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा में तैनात 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB), वीरपुर की जांबाज और बेहद वफादार मादक पदार्थ खोजी श्वान (Narcotics Sniffer Dog) ‘क्यूटी’ 8 साल की देश सेवा के बाद सेवानिवृत्त (Retire) हो गई है। जर्मन शेफर्ड नस्ल की इस जांबाज मादा श्वान का जन्म 27 अप्रैल 2018 को हुआ था। एसएसबी के प्रचलित नियमों के तहत निर्धारित 8 वर्ष की कठिन और गौरवशाली सेवा अवधि पूरी करने के बाद उसे बल से सम्मानपूर्वक विदाई दी गई है।
सुरक्षा अभियानों में निभाई उल्लेखनीय भूमिका
अपने सेवाकाल के दौरान ‘क्यूटी’ ने मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और विभिन्न सुरक्षा अभियानों में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एसएसबी अधिकारियों के अनुसार, उसने सीमावर्ती इलाकों में कई बड़े अभियानों में अपनी अद्भुत घ्राण शक्ति (सूंघने की क्षमता), दक्षता और सूझबूझ का परिचय दिया। उसकी इन्हीं उत्कृष्ट सेवाओं के कारण बल के लिए वह हमेशा एक बहुमूल्य संपत्ति रही।
निःशुल्क गोद लेने के लिए माननी होंगी यह सख्त शर्तें
रिटायरमेंट के बाद अब एसएसबी ने ‘क्यूटी’ को निःशुल्क गोद (Adopt) देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हालांकि, बल इसके लिए ऐसे जिम्मेदार श्वान प्रेमियों या संस्थानों की तलाश में है जो उसे एक सुरक्षित और स्नेहपूर्ण माहौल दे सकें। गोद लेने वाले इच्छुक आवेदकों को निम्नलिखित शर्तों का पालन करना होगा:
- आजीवन देखभाल: आवेदक को लिखित घोषणा देनी होगी कि वे श्वान की मृत्यु तक उसकी समुचित देखभाल, भोजन और चिकित्सा (Medical Care) की जिम्मेदारी उठाएंगे।
- व्यावसायिक उपयोग पर रोक: ‘क्यूटी’ का उपयोग किसी भी प्रकार के व्यावसायिक (Commercial) या प्रजनन (Breeding) संबंधी कार्यों के लिए नहीं किया जा सकेगा।
- एसएसबी का अधिकार: यदि गोद लेने वाला व्यक्ति शर्तों का उल्लंघन करता पाया गया, तो एसएसबी को बिना किसी मुआवजे के श्वान को वापस लेने का पूरा अधिकार होगा।
किसे मिलेगी प्राथमिकता?
एसएसबी से मिली जानकारी के अनुसार, प्राप्त आवेदनों की बारीकी से जांच की जाएगी और एक पारदर्शी चयन प्रक्रिया के तहत ही ‘क्यूटी’ को सौंपा जाएगा। इस प्रक्रिया में आवेदन करने के लिए निम्नलिखित योग्य हैं:
- सरकारी संस्थान और विभिन्न विभाग
- एसएसबी या अन्य बलों के वर्तमान व पूर्व सदस्य
- मान्यता प्राप्त गैर-सरकारी संगठन (NGOs)
- आम नागरिक और जिम्मेदार श्वान प्रेमी
एक सुरक्षित घर की तलाश
देश की सीमाओं की रक्षा में अपना जीवन लगाने के बाद, अब ‘क्यूटी’ को एक ऐसे आशियाने की तलाश है, जहां उसे अपनी सेवानिवृत्ति के बाद का जीवन सुकून, प्यार और सम्मान के साथ बिताने का मौका मिल सके।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट