कोसी के बढ़ते जलस्तर पर सुपौल प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने तटबंध का लिया जायजा
Supaul : कोसी नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि और जल संसाधन विभाग द्वारा जारी हाई अलर्ट के बीच सुपौल जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार और पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. ने पूर्वी कोसी तटबंध के स्पर किलोमीटर 10 पर पहुंचकर वस्तुस्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया और बाढ़ सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की।
24×7 निगरानी और संसाधनों को दुरुस्त रखने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तटबंध की मजबूती और वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अभियंताओं और कर्मियों को पूरी सतर्कता बरतने के साथ-साथ तटबंध की चौबीसों घंटे नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक बालू की बोरियों, सामग्री और पर्याप्त मानवबल को अलर्ट मोड पर रखने को कहा।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी सावन कुमार ने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि बाढ़ सुरक्षा और राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को परस्पर बेहतर समन्वय बनाकर काम करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
असामान्य बदलाव पर तत्काल रिपोर्टिंग के आदेश
प्रशासन ने निर्देश दिया कि तटबंध अथवा कोसी नदी के जलस्तर में किसी भी प्रकार का असामान्य बदलाव या संभावित खतरा दिखने पर तुरंत वरीय अधिकारियों को सूचित किया जाए। समय रहते सूचना मिलने से त्वरित कदम उठाए जा सकेंगे, जिससे निचले और तटबंध से सटे इलाकों में जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
जन-धन की सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता
सुपौल जिला प्रशासन ने तटबंध के आसपास रहने वाले ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक टीम लगातार क्षेत्र में कैंप कर रही है। आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और राहत बल को तैनात रखा गया है।
विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट