शिक्षक पर अशोभनीय व्यवहार का आरोप, ग्रामीणों के हंगामे के बाद पुलिस ने हिरासत में लिया
सुपौल जिले से एक शर्मनाक खबर सामने आई है, जहां एक शिक्षक पर छोटे-छोटे छात्र-छात्राओं को अश्लील विडियो दिखाने का आरोप लगा है। ग्रामीणों के हंगामे के बाद पुलिस आरोपी शिक्षक को हिरासत मे लेकर मामले की जांच मे जुटी है.....
Supaul : जिले के पिपरा प्रखंड क्षेत्र स्थित मध्य विद्यालय सखुआ में एक सरकारी शिक्षक द्वारा छात्र-छात्राओं के साथ अशोभनीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग विद्यालय परिसर में इकट्ठा होकर हंगामा करने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी शिक्षक को सुरक्षित अपने साथ थाने ले आई।
मोबाइल पर आपत्तिजनक वीडियो दिखाने और अशोभनीय हरकत का आरोप
ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों के अनुसार, विद्यालय में पदस्थापित शिक्षक देवनंदन मेहता द्वारा छोटे-छोटे छात्र-छात्राओं को अपनी गोद में बैठाकर मोबाइल पर कथित रूप से आपत्तिजनक वीडियो दिखाया जाता था। आरोप है कि इस दौरान बच्चों के साथ अनुचित और अशोभनीय हरकतें भी की जाती थीं, जिसकी भनक लगते ही पूरे गांव में रोष व्याप्त हो गया।
विद्यालय परिसर में उमड़ी भीड़, कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना फैलते ही देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंच गए और आरोपी शिक्षक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करने लगे। आक्रोशित ग्रामीणों का कहना था कि विद्यालय जैसे पवित्र स्थान पर बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषी शिक्षक के खिलाफ कठोर से कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, लिखित आवेदन पर केस दर्ज
मामले की सूचना मिलते ही पिपरा थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपी शिक्षक देवनंदन मेहता को हिरासत में लेकर थाना ले आई। पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हो चुका है, जिसके आधार पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जांच जारी और क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि शिक्षक पर लगाए गए आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले से जुड़े तमाम तथ्यों, साक्ष्यों और बयानों की गहराई से छानबीन कर रही है। इस घटना के बाद से विद्यालय एवं आसपास के इलाके में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में माहौल बना हुआ है।
विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट