सुपौल में चोरों का तांडव: एक ही रात में तीन घरों को बनाया निशाना, नकदी व जेवरात समेत एक लाख की संपत्ति किया पार

सुपौल में चोरों का तांडव- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां के भगवानपुर पंचायत के वार्ड संख्या-11 में मंगलवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक के बाद एक तीन घरों को अपना निशाना बनाया। चोरों ने घरों में घुसकर नकदी, चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए। इस घटना के बाद से पूरे इलाके के ग्रामीणों में दहशत का माहौल व्याप्त है।


बहन के साथ सो रही महिला के घर से लाखों की चोरी

जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब दो बजे चोरों ने सबसे पहले देव सुंदरी देवी के घर को निशाना बनाया। उस समय वह अपनी बहन के साथ घर के भीतर सो रही थीं। चोरों ने सूनेपन का फायदा उठाकर कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़ दिया। बक्से के अंदर रखे लगभग 15 हजार रुपये नकद, करीब 17 भरी चांदी के आभूषण (जिसमें चेन और बाला शामिल हैं) तथा बैंक पासबुक व अन्य जरूरी कागजात चोरी कर लिए गए। सुबह जब परिजनों की आंखें खुलीं, तब जाकर इस वारदात का पता चला।


दो अन्य घरों से मोबाइल फोन भी किए साफ

देव सुंदरी देवी के घर पर हाथ साफ करने के बाद चोरों ने पास के ही रहने वाले जितेंद्र राम और भोला देवी के घरों में भी सेंधमारी की। चोरों ने इन दोनों घरों से कीमती मोबाइल फोन चोरी कर लिए। पीड़ित परिवारों द्वारा किए गए आकलन के अनुसार, तीनों घरों से कुल मिलाकर करीब एक लाख रुपये मूल्य की संपत्ति की चोरी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ घटना स्थल पर जमा हो गई।


नेपाल के संदिग्ध पर गहराया शक

चोरी की इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर भी पड़ताल शुरू की। ग्रामीणों का दावा है कि आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालने पर नेपाल के कंचनपुर क्षेत्र के बेलारदक निवासी एक संदिग्ध व्यक्ति का हुलिया सामने आया है, जिस पर चोरी करने का गहरा शक जताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से इस संदिग्ध व्यक्ति की संलिप्तता को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।


पुलिस कर रही जांच, जल्द खुलासे का दावा

वारदात की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और रतनपुर थानाध्यक्ष पिंटू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटना स्थल का मुआयना किया। थानाध्यक्ष पिंटू कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया कि पुलिस जल्द ही इस वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट