सुपौल में दर्दनाक हादसा: बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से 23 वर्षीय युवक की मौत

सुपौल जिले में बिजली विभाग की लापरवाही से एक 23 वर्षीय युवक की जान चली गई। घटना के बाद मृतक के परिवार मे कोहराम मचा हुआ है....

Supaul : जिले के नदी थाना क्षेत्र अंतर्गत ललमनिया पंचायत स्थित वार्ड संख्या 13 में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां करंट लगने से 23 वर्षीय अनिल कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है।


पड़ोसी के घर जाते समय रास्ते में घटित हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अनिल कुमार (पिता—शिव नारायण मंडल) सुबह किसी काम से अपने पड़ोसी के घर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में बिजली का एक जर्जर तार टूटकर गिरा हुआ था, जिसमें विद्युत प्रवाहित हो रही थी। अनजाने में अनिल जैसे ही उस तार की चपेट में आया, उसे जोरदार झटका लगा और वह गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर ही गिर पड़ा।


अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में अनिल को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली ले जाने का प्रयास किया। हालांकि, घाव इतने गंभीर थे कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। ललमनिया पंचायत के मुखिया अनिल आनंद ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए बताया कि बिजली के प्रवाहित तार की चपेट में आने से युवक को नहीं बचाया जा सका।


पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, अस्पताल में उमड़ी भीड़

घटना की खबर मिलते ही अनुमंडलीय अस्पताल में ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। स्थिति को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने लोगों को समझा-बुझाकर माहौल को शांत कराया। नदी थानाध्यक्ष सुमित कुमार भारती ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।


जर्जर तारों को बदलने और मरम्मत की मांग

इस हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि क्षेत्र में फैले जर्जर एवं लटके हुए बिजली के तारों की नियमित निगरानी की जाए और उन्हें जल्द से जल्द बदला जाए ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट