सुपौल में दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 1 की मौके पर मौत, 1 गंभीर रूप से घायल

बिहार में रफ्तार का कहर थमने का नाम नही ले रहा। आज एकबार फिर सुपौल जिले में तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार को रौंद डाला। इस घटना में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रुप से घायल हो गया.....

सड़क दुर्घटना में युवक की मौत- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलही पुल पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने आगे चल रही बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गए। हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।


भपटियाही के रामचंद्र मेहता की घटनास्थल पर ही मौत, साला हायर सेंटर रेफर

इस दुर्घटना में बाइक चालक रामचंद्र मेहता (55 वर्ष), निवासी सदानंदपुर (वार्ड संख्या-4, थाना भपटियाही) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठे उनके साले राजेंद्र मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय निवासियों की मदद से घायल राजेंद्र को तुरंत प्रतापगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।


रिश्तेदारी से घर लौटने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मृतक रामचंद्र मेहता अपनी पुत्री, साले राजेंद्र मेहता और उनके परिवार के साथ निजी कार्य से चिलौनी दक्षिण पंचायत के दीवानगंज आए हुए थे। शुक्रवार को सभी लोग दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों से वापस घर लौट रहे थे। रिश्तेदार नीतीश कुमार अपनी पत्नी और पुत्री के साथ एक बाइक से आगे निकल गए थे, जबकि रामचंद्र मेहता अपने साले के साथ दूसरी बाइक से पीछे चल रहे थे, तभी बेलही पुल के पास यह हादसा हो गया।


परिजनों में मचा कोहराम, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतक के पुत्र जीवछ कुमार और अन्य परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुँचे। घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पहुँची प्रतापगंज थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजने की कार्रवाई की।


अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस, जांच जारी

मामले की पुष्टि करते हुए प्रतापगंज थानाध्यक्ष रोशन कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हुई है तथा एक व्यक्ति घायल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। दुर्घटना को अंजाम देकर भागे अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी कैमरों व अन्य माध्यमों से सुराग जुटाए जा रहे हैं।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट