वीरपुर नगर पंचायत में दिवंगत ईओ विमल कुमार को दी गई श्रद्धांजलि, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की उठी मांग

डेहरी ऑन सोन से कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या को लेकर प्रशासनिक हलके में शोक और भय व्याप्त है। मंगलवार को सुपौल जिले के वीरपुर नगर पंचायत में दिवंगत ईओ विमल कुमार के सम्मान में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया...

वीरपुर नगर पंचायत में दिवंगत ईओ विमल कुमार को दी गई श्रद्धांजलि- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : वीरपुर नगर पंचायत परिसर में मंगलवार को दिवंगत कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार के सम्मान में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।


जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों पर बढ़ते हमलों पर जताई चिंता

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए नगर पंचायत के मुख्य पार्षद सुशील कुमार ने घटना की तीव्र भर्त्सना की। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में नगर निकाय के कार्यपालक पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर लगातार हो रहे हमले अत्यंत चिंताजनक हैं। उन्होंने राज्य सरकार से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, कड़ी कानूनी कार्रवाई और अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग की।


कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, मुख्य द्वार पर जड़ा ताला

घटना के विरोध में नगर पंचायत के कर्मचारियों का आक्रोश भी खुलकर सामने आया। लेखापाल सत्यनारायण चौधरी के नेतृत्व में आक्रोशित कर्मचारियों ने कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला बंद कर जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का स्पष्ट कहना था कि जब तक अधिकारियों और कर्मियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होते, तब तक ऐसी घटनाओं की आशंका बनी रहेगी।


भयमुक्त माहौल में काम करने के लिए ठोस सुरक्षा की मांग

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने सरकार से मांग की कि नगर निकाय के कर्मियों को भयमुक्त वातावरण में काम करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों पर इस तरह के जानलेवा हमले पूरी प्रशासनिक व्यवस्था के लिए एक गंभीर चुनौती हैं, जिस पर सरकार को अविलंब कठोर कदम उठाने की जरूरत है।


श्रद्धांजलि सभा में कई गणमान्य लोग व कर्मी रहे मौजूद

इस श्रद्धांजलि सभा और विरोध प्रदर्शन में कनीय अभियंता सत्यम राज, टैक्स दरोगा अनिल चौधरी, मनीष कुमार, श्याम यादव, अरुण शर्मा, प्रदीप मटियैत, जितेंद्र राउत, संदीप कुमार, उमेश राउत, मनोज मरीक, दशरथ यादव, संतोष कुमार सहित नगर पंचायत के दर्जनों अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में न्याय की गुहार लगाई।

विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट