पिपरा में 24 घंटे के भीतर रेलवे पटरी किनारे मिली दो लाशें, इलाके में सनसनी

सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में महज 24 घंटे के भीतर अलग-अलग स्थानों पर रेल पटरी किनारे दो शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है....

24 घंटे के अंदर रेल पटरी किनारे दो लाश मिलने से हड़कंप- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में महज 24 घंटे के भीतर अलग-अलग स्थानों पर रेल पटरी किनारे दो शव मिलने से हड़कंप मच गया है। लगातार दो मौतों की सूचना से स्थानीय लोगों में सनसनी और डर का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की सघन जांच शुरू कर दी है।


पहली घटना: लिटियाही में 14 वर्षीय किशोर का मिला था शव

पहली घटना गुरुवार सुबह लिटियाही के समीप घटी, जहां रेलवे पटरी के पास एक 14 वर्षीय किशोर का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी सत्यम कुमार के रूप में हुई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी। पुलिस अभी इस मामले की पड़ताल कर ही रही थी कि दूसरी घटना ने इलाके को फिर दहला दिया।


दूसरी घटना: थुमहा के पास मिला करहरवा निवासी का शव

देर रात थुमहा के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक और शव मिलने की खबर से पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के करहरवा गांव निवासी सुरेंद्र यादव के रूप में की गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने इस मामले में भी हत्या की आशंका व्यक्त की है।


ट्रेन से गिरने की आशंकापोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

मामले पर जानकारी देते हुए पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया सुरेंद्र यादव की मौत ट्रेन से गिरने के कारण हुई प्रतीत होती है। हालांकि, मौत हादसा है या इसके पीछे कोई साजिश, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।


स्थानीय लोगों ने जताई चिंतानिष्पक्ष जांच की मांग

एक ही दिन में दो अलग-अलग जगहों पर ट्रैक किनारे शव मिलने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से दोनों घटनाओं की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट