सुपौल के इस पंचायत में नशे के खिलाफ ग्रामीणों की बड़ी पहल, मादक पदार्थ के कारोबारी की सूचना देने वाले को इनाम और नशा करने पर जुर्माना
सुपौल जिले नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए ग्रामीणों ने एक बड़ी पहल की है। ग्रामीणों ने बैठक कर क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों पर जुर्माना और अवैध कारोबार की गुप्त सूचना देने वाले व्यक्ति को इनाम देने का निर्णय लिया है....
Supaul : जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बसहा पंचायत स्थित बिशनपुर में नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए ग्रामीणों ने एक बड़ी पहल की है। बिशनपुर मध्य विद्यालय परिसर में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में सैकड़ों स्थानीय निवासियों और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने के लिए सामूहिक अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
युवाओं के भविष्य और सामाजिक प्रभाव पर चिंता
बैठक को संबोधित करते हुए ग्रामीणों और समाजसेवियों ने कहा कि शराब, स्मैक, गांजा और नशीली सुइयों का बढ़ता चलन युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल रहा है। मादक पदार्थों के सेवन से न केवल परिवारों की आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है, बल्कि सामाजिक ताना-बाना भी प्रभावित हो रहा है। वक्ताओं ने सभी से नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए आगे आने और अवैध कारोबार की जानकारी तुरंत पुलिस-प्रशासन को देने की अपील की।
सूचना देने वाले को इनाम और नशा करने पर जुर्माने का प्रस्ताव
ग्रामीणों ने नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए अनोखा निर्णय लिया। बैठक में तय किया गया कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की गुप्त सूचना देने वाले व्यक्ति को 2,500 रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि दी जाएगी और उसकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। इसके अलावा, नशा बेचते पकड़े जाने पर 51 हजार रुपये और नशा करते पकड़े जाने पर 5,100 रुपये का आर्थिक दंड तय किया गया, हालांकि ऐसे दंडात्मक अधिकार प्रशासनिक और कानूनी प्रक्रियाओं के अधीन ही होंगे।
जागरूकता अभियान चलाने का लिया गया संकल्प
बैठक में मौजूद सभी लोगों ने गांव को नशामुक्त बनाने के लिए एकजुट होकर जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया। ग्रामीणों का कहना है कि युवाओं को खेलकूद और सकारात्मक दिशा की ओर मोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान समाज के हर वर्ग को इस मुहिम से जोड़ने और नशे की लत से पीड़ित युवाओं की काउंसलिंग करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में सुनील कुमार सुमन, भगवत प्रसाद यादव, कामेश्वर यादव, धनेश्वरी प्रसाद यादव, जगदीश यादव, सतीश यादव, शंभू यादव, महानंद कुमार यादव, दीपक यादव, चंदेश्वरी यादव, संतोष कुमार, राजेश कुमार, प्रभु यादव, रतन यादव, श्यामसुंदर कुमार, लालेंद्र कुमार, दिलीप कुमार, अखिलेश कुमार और वरुण कुमार सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट