Bihar News : सुपौल में तीन दिवसीय जितिया मेले का हुआ भव्य शुभारंभ, दंगल प्रतियोगिता में महिला पहलवानों ने दिखाए दांव-पेच, रिया और सरिता ने बटोरी तालियाँ
सुपौल जिले के छातापुर प्रखंड में जितिया पूजा के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय जितिया मेला में महिला पहलवानों की कुश्ती लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
SUPAUL : जिले के छातापुर प्रखंड क्षेत्र की बलुआ पंचायत अंतर्गत ठाढ़ा भवानीपुर वार्ड संख्या-11 में जितिया पूजा के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय जितिया मेला इन दिनों श्रद्धालुओं और खेलप्रेमियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मेले में आयोजित दंगल प्रतियोगिता में पहलवानों ने अपने कुश्ती कौशल और दमखम का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। खासकर महिला पहलवानों की कुश्ती ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
शनिवार को मेले का विधिवत उद्घाटन पंचायत के मुखिया रामजी मंडल एवं सरपंच रामदास ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद जनप्रतिनिधियों ने दंगल मैदान में पहुंचकर पहलवानों से हाथ मिलाया और उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद अखाड़े में विभिन्न पहलवानों के बीच मुकाबले शुरू हुए। पहलवानों ने दांव-पेंच और कुश्ती के विभिन्न कौशल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित किया।
दंगल प्रतियोगिता में समस्तीपुर की रिया पहलवान और हरियाणा की सरिता पहलवान के बीच हुआ मुकाबला विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। दोनों महिला पहलवानों ने अखाड़े में एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। मुकाबले के दौरान दोनों ने कई शानदार दांव-पेंच आजमाए। उनके दमदार प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और खेलप्रेमी अखाड़े के आसपास जुटे रहे। मुकाबले के दौरान पहलवानों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शक लगातार तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाते नजर आए।
मेले में दंगल के साथ मनोरंजन के भी कई साधनों की व्यवस्था की गई है। बच्चों और युवाओं के लिए झूला, ब्रेक डांस समेत विभिन्न प्रकार के मनोरंजन उपकरण लगाए गए हैं। मेले में आने वाले लोगों की सुविधा और मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए मेला कमेटी की ओर से अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। मेला कमेटी के सदस्यों ने बताया कि ग्रामीणों के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है। जितिया पूजा के अवसर पर आयोजित इस मेले को लेकर आसपास के गांवों में भी उत्साह का माहौल है। दंगल प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के कारण देर शाम तक मेला परिसर में लोगों की भीड़ जुट रही है।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट