जमीन के छोटे से टुकड़े कि लिए युवक पर जानलेवा हमला : हाथ काटकर किया अलग, हालत नाजुक

सुपौल जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां जमीन विवाद में एक 20 वर्षीय युवक पर जानलेवा हमला हुआ है। बदमाशों ने युवक का एक हाथ काट डाला है, वहीं सिर पर गंभीर वार किये है। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है....

जमीन विवाद में युवक पर जानलेवा हमला- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के सदर थाना क्षेत्र के सुखपुर-सोल्हनी पंचायत अंतर्गत धोरे कटैया वार्ड संख्या-17 में वर्षों पुराना भूमि विवाद शुक्रवार को बेहद खूनी और हिंसक हो उठा। यहां महज दो कट्ठा जमीन के टुकड़े के लिए 20 वर्षीय युवक नीतीश कुमार पर कथित रूप से 15 से 16 लोगों ने धारदार हथियारों से बेहद बर्बर और जानलेवा हमला कर दिया। इस खौफनाक हमले में युवक का दाहिना हाथ कटकर शरीर से पूरी तरह अलग हो गया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।


ताबड़तोड़ वार से लहूलुहान हुआ युवक, DMCH रेफर

नक्सली क्रूरता को मात देती इस घटना के बाद परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने लहूलुहान नीतीश को आनन-फानन में सुपौल सदर अस्पताल पहुंचाया। युवक के सिर पर भी धारदार हथियारों से कई गंभीर वार किए गए हैं। सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की अत्यंत नाजुक और चिंताजनक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे तत्काल डीएमसीएच (DMCH), दरभंगा रेफर कर दिया है। फिलहाल युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।


घात लगाकर 15-16 हमलावरों ने घेरा

घायल युवक के पिता रामबहादुर यादव ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि पड़ोसी रवींद्र यादव के साथ उनकी दो कट्ठा जमीन को लेकर पिछले आठ वर्षों से विवाद चल रहा है। शुक्रवार की दोपहर उनका पुत्र नीतीश कुमार नुनुपट्टी से साइकिल पर सवार होकर अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि जैसे ही वह रवींद्र यादव के घर के समीप पहुँचा, पहले से घात लगाकर बैठे आरोपियों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और दबिया व कुदाल जैसे घातक हथियारों से उस पर टूट पड़े।


चीख-पुकार के बाद मौके पर मचा कोहराम

परिजनों के अनुसार, हमलावर नीतीश को मरा हुआ समझकर और तड़पता हुआ छोड़कर मौके से फरार हो गए। चीख-पुकार और शोर-शराबा सुनकर जब परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। नीतीश का कटा हुआ दाहिना हाथ दूर गिरा था और सिर से भारी मात्रा में खून बह रहा था। इस दिल दहला देने वाले दृश्य को देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।


पुलिस की टीमें कर रही हैं छापेमारी

घटना की भयावहता को देखते हुए सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस तुरंत एक्टिव हुई और अस्पताल पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए। सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि भूमि विवाद में युवक पर हुए इस जानलेवा हमले को लेकर पुलिस बेहद गंभीर है। घटनास्थल का जायजा ले लिया गया है और वारदात में शामिल सभी नामजद व अज्ञात आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही सभी को दबोच लिया जाएगा।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट