Bihar Politics: चाचा ने दिया भतीजे को सीएम बनने का आशीर्वाद, पशुपति पारस ने चिराग पासवान की तारीफ़ में दिया ये बड़ा बयान
Bihar Politics:पशुपति पारस ने कहा कि अगर चिराग पासवान बिहार के मुख्यमंत्री बनते हैं, तो उन्हें इस बात पर बेहद खुशी होगी।
Bihar Politics:बिहार की सियासत में चुनावी वर्ष आते ही नजारे बदलने लगे हैं। जहाँ पहले चिराग पासवान और उनके चाचा पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस के बीच खून के रिश्ते पर खटास मानी जाती थी, वहीं अब दोनों के बीच राजनीतिक और पारिवारिक सुर बदलते दिखाई दे रहे हैं।
हाल ही में हाजीपुर में आयोजित एक श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में पशुपति पारस ने कहा कि अगर चिराग पासवान बिहार के मुख्यमंत्री बनते हैं, तो उन्हें इस बात पर बेहद खुशी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि चिराग हमारे परिवार के सदस्य और हमारा भतीजा हैं। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि बिहार के जनता का निर्णय सर्वोपरि है, प्रजातांत्रिक व्यवस्था में जनता का वोट ही अंतिम फैसला करता है।
पशुपति पारस ने आगे कहा, “चिराग पासवान हमारे परिवार का लड़का है। अगर वह मुख्यमंत्री बनते हैं, तो हमें बहुत खुशी होगी। लेकिन जनता चाहेगी तो ही वह इस पद पर पहुँचेंगे। हमारे एक मत से सब कुछ नहीं होगा।” इस बयान से साफ़ संकेत मिलता है कि पहले कट्टर विरोधी माने जाने वाले चाचा अब भतीजे के राजनीतिक सफ़र में अपना समर्थन देने को तैयार हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह बयान बदलते राजनीतिक समीकरण और महागठबंधन-NDA की परिस्थितियों का परिणाम भी है। पारिवारिक रिश्तों और राजनीतिक रणनीति के मिश्रण ने इस नज़ारे को पैदा किया है, जहाँ विरोधी दल के नेता होने के बावजूद चाचा ने चिराग को अपना परिवार और संभावित मुख्यमंत्री मान लिया।
सियासत के गलियारों में अब यह चर्चा तेज़ हो गई है कि क्या यह सिर्फ़ पारिवारिक भावनाओं का इज़हार है, या फिर चुनावी रणनीति में समझौते का संकेत भी है। किसी भी तरह, बिहार के चुनावी माहौल में यह बयान एक नया राजनीतिक मोड़ लेकर आया है।
चिराग पासवान के लिए यह राजनीतिक और पारिवारिक समर्थन दोनों का महत्व रखता है, और चाचा-पोते की यह नई सियासी सुलह बिहार चुनावी वर्ष के लिए कई चर्चाओं को जन्म दे सकती है।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार