Bihar Ghost Fair: बिहार में लगा भूतों का मेला! कार्तिक पूर्णिमा में जुटे तांत्रिक, भूत-प्रेत भगाने और बीमारी ठीक करने के अजीबोगरीब दावे
Bihar Ghost Fair: हाथों में पूजा की थाली, जुबां पर गंगा मैया का नाम और मन में मोक्ष की कामना।,,,,
Bihar Ghost Fair: हाथों में पूजा की थाली, जुबां पर गंगा मैया का नाम और मन में मोक्ष की कामना। कार्तिक पूर्णिमा पर हाजीपुर के प्रसिद्ध कौनहारा घाट पर कुछ ऐसा ही नजारा था। हजारों श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगाने पहुंचे थे। लेकिन इसी घाट पर एक ऐसी दुनिया भी सजी थी, जहां देवी के आने, भूत-प्रेत के साये और मृत आत्माओं के परेशान करने की कहानियां सुनाई जा रही थीं। कहीं तांत्रिक अनुष्ठान चल रहा था तो कहीं गंभीर बीमारियों को ऊपरी बाधा बताकर ठीक करने के दावे किए जा रहे थे। गंगा किनारे आस्था का यह कैसा संगम था, जहां एक तरफ मोक्ष की तलाश थी तो दूसरी तरफ भूत-प्रेत से मुक्ति का दावा! लोगों के बीच इसे लेकर चर्चा थी कि आखिर यह आस्था है या अंधविश्वास का मेला?
कौनहारा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। इसी भीड़ के बीच कुछ स्थानों पर महिला और पुरुष तांत्रिक अपने-अपने तरीके से अनुष्ठान करते नजर आए। कोई देवी के शरीर में आने का दावा कर रहा था तो कोई परेशान आत्माओं से मुक्ति दिलाने का भरोसा दे रहा था। अनुष्ठान देखने के लिए भी लोगों की भीड़ जमा थी। कुछ लोग पूरे विश्वास के साथ इन क्रियाओं को देख रहे थे तो कुछ के चेहरे पर हैरानी और सवाल साफ दिखाई दे रहे थे।
एक महिला तांत्रिक ने कैमरे पर बताया कि इसी काम से उनका परिवार चलता है। वह अपने बच्चों को पढ़ाती-लिखाती हैं और परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उनका दावा था कि उनके ऊपर देवी आती हैं और वह लोगों की भलाई करती हैं। वहीं, एक पुरुष तांत्रिक ने भूत-प्रेत से होने वाली बीमारियों को ठीक करने का दावा किया। उसका कहना था कि जो बीमारी दवाओं से ठीक हो सकती है, उसका इलाज दवा से ही होना चाहिए, लेकिन जिस परेशानी की वजह आत्मा या ऊपरी बाधा होती है, उसका उपचार वह अपने अनुष्ठान से करते हैं।
एक अन्य तांत्रिक ने भी दावा किया कि आत्माओं से परेशान लोगों को वह राहत दिलाते हैं। उनके मुताबिक, दवा से ठीक होने वाली बीमारी का इलाज डॉक्टर करते हैं, जबकि कथित ऊपरी बाधा का समाधान उनके पास है।
इन दावों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर बीमारी और परेशानी से जूझ रहे लोग ऐसे दरबारों तक क्यों पहुंचते हैं? कई बार बीमारी, पारिवारिक संकट, मानसिक तनाव और सामाजिक दबाव इंसान को ऐसी जगहों पर समाधान तलाशने के लिए मजबूर कर देते हैं। हालांकि, भूत-प्रेत या आत्मा के जरिए बीमारी ठीक करने के इन दावों का कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर योग्य चिकित्सक से इलाज कराना ही जरूरी है।
कौनहारा घाट का यह नजारा सिर्फ एक मेले की कहानी नहीं, बल्कि समाज के भीतर मौजूद विश्वास, डर और मजबूरी की भी तस्वीर है। सवाल किसी की निजी आस्था का नहीं, बल्कि उन दावों का है जिनके भरोसे बीमार लोगों की उम्मीदें टिकी होती हैं। आखिर गंगा के पवित्र घाट पर यह आस्था का दरबार था या अंधविश्वास का कारोबार? फैसला आप खुद कीजिए।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार