Bihar Teacher News: बिहार के सरकारी स्कूलों में अब नहीं चलेगी मनमानी! शिक्षक गायब तो उसी दिन लगेगा दूसरा टीचर, शिक्षण अवधि में बैठकों का खेल खत्म, ACS सीके अनिल के सख्त फरमान से हड़कंप

Bihar Teacher News: बिहार के सरकारी स्कूलों में अब पढ़ाई के नाम पर खानापूर्ति और शिक्षण अवधि में बैठकों का खेल नहीं चलेगा।....

Bihar Teacher News
शिक्षा विभाग के एसीएस का सख्त फरमान- फोटो : reporter

Bihar Teacher News: बिहार के सरकारी स्कूलों में अब पढ़ाई के नाम पर खानापूर्ति और शिक्षण अवधि में बैठकों का खेल नहीं चलेगा। बच्चों की पढ़ाई छोड़कर बैठक करने, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शामिल होने और प्रशिक्षण के नाम पर कक्षाएं खाली रखने वाले शिक्षकों और अधिकारियों के लिए शिक्षा विभाग ने सख्त संदेश जारी किया है। अब स्कूल की पहली घंटी बजते ही पढ़ाई शुरू करनी होगी। कोई शिक्षक अनुपस्थित रहता है तो उसी दिन उसकी जगह दूसरे शिक्षक की व्यवस्था करनी होगी। यानी किसी भी सूरत में बच्चों की कक्षा खाली नहीं रहेगी। अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर सरकारी स्कूलों की शिक्षण व्यवस्था में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने का आदेश दिया है।

दरअसल, अपर मुख्य सचिव ने सीवान, गोपालगंज, जमुई, दरभंगा और पटना समेत विभिन्न जिलों के सरकारी विद्यालयों के भ्रमण के दौरान कई खामियां देखीं। निरीक्षण में सामने आए तथ्यों से यह स्पष्ट हुआ कि शिक्षण अवधि में बैठकें बुलाने, शिक्षकों की अनुपस्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था नहीं करने और समय-सारणी का पालन नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विभाग ने माना कि इस तरह की लापरवाही से विद्यालयों का अकादमिक अनुशासन कमजोर पड़ता है। इसके बाद अब पूरे राज्य के सरकारी स्कूलों के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

नए आदेश के मुताबिक, विद्यालय के समय में किसी भी प्रकार की बैठक, प्रशिक्षण, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग या कार्यशाला आयोजित नहीं की जाएगी। शिक्षकों को ऐसे कार्यक्रमों में स्कूल अवधि के पहले या बाद में ही बुलाया जा सकेगा। यहां तक कि विभागीय अधिकारी भी पढ़ाई के समय शिक्षकों से रिपोर्ट और आंकड़े मांगने या बैठक करने से बचेंगे। केवल बेहद जरूरी परिस्थिति में लिखित कारण के साथ इसकी अनुमति होगी। गैर-शैक्षणिक कार्यों में भी शिक्षकों को तभी लगाया जाएगा, जब ऐसा करना अनिवार्य हो और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

स्कूल खुलने से लेकर छुट्टी तक की व्यवस्था पर भी विभाग ने शिकंजा कसा है। निर्धारित समय पर प्रार्थना सभा होगी और पहली घंटी से पढ़ाई शुरू करनी होगी। प्रधानाध्यापक रोजाना शिक्षकों की उपस्थिति की समीक्षा करेंगे। यदि कोई शिक्षक छुट्टी पर है या अनुपस्थित है तो उसी दिन स्थानापन्न शिक्षक की व्यवस्था करनी होगी। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय में अलग रजिस्टर भी रखा जाएगा। बिना सूचना या अनुमति के अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।

सिर्फ उपस्थिति ही नहीं, अब पढ़ाई की गुणवत्ता पर भी निगरानी बढ़ेगी। प्रत्येक शिक्षक को रोजाना पाठ योजना तैयार करनी होगी और शिक्षण डायरी रखनी होगी। प्रधानाध्यापक नियमित रूप से इसका निरीक्षण करेंगे। कमजोर बच्चों की पहचान कर उन्हें पढ़ने, लिखने और गणित में अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। शुरुआती कक्षाओं में बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान को प्राथमिकता मिलेगी। नियमित गृहकार्य, साप्ताहिक और मासिक परीक्षाएं होंगी तथा उत्तर पुस्तिकाओं की समय पर जांच कर बच्चों की प्रगति का विश्लेषण किया जाएगा।

विभाग ने बच्चों की नियमित उपस्थिति, अभिभावकों से संपर्क, गणवेश, स्वच्छता और अनुशासन पर भी जोर दिया है। मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और वितरण की निगरानी प्रधानाध्यापक करेंगे, लेकिन इसके कारण कक्षाएं बाधित नहीं होनी चाहिए। शारीरिक और मानसिक दंड पर पूरी तरह रोक रहेगी।

दिलचस्प बात यह है कि आदेश में पढ़ाई के साथ खेल और बच्चों की प्रतिभा निखारने पर भी विशेष जोर दिया गया है। फुटबॉल का नियमित अभ्यास, गीत-संगीत, नाटक, भाषण, वाद-विवाद, शैक्षिक वीडियो और बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित करने और उन्हें प्रखंड तथा जिला स्तर पर मंच देने का निर्देश भी दिया गया है।

अब निगरानी की जिम्मेदारी प्रखंड और जिला स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। अधिकारी हर सप्ताह निर्धारित संख्या में स्कूलों का निरीक्षण करेंगे। कक्षाओं में पढ़ाई, शिक्षकों की उपस्थिति और वैकल्पिक शिक्षक की व्यवस्था की विशेष जांच होगी। प्रधानाध्यापक अपने विद्यालय के शैक्षणिक अनुशासन के लिए व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई होगी, जबकि बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों और विद्यालयों को सम्मानित किया जाएगा। सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर आदेश के अनुपालन की पुष्टि भेजनी होगी और हर महीने प्रगति रिपोर्ट देनी होगी।

अब असली परीक्षा इस आदेश को जमीन पर उतारने की है। सवाल यह नहीं कि शिक्षा विभाग ने कितने सख्त निर्देश जारी किए, बल्कि सवाल यह है कि क्या सरकारी स्कूलों में बच्चों को वास्तव में हर दिन पूरी पढ़ाई मिल पाएगी? क्योंकि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को भी बेहतर शिक्षा का उतना ही अधिकार है, जितना किसी महंगे निजी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को।

रिपोर्ट- अभिजीत कुमार सिंह