Bihar Accident News:अनंत सिंह से मिलकर लौट रहे BJP विधायक सुशील सिंह के काफिले में घुसी बेकाबू स्कॉर्पियो, हमले की आशंका,चार घायल, साजिश का आरोप
Bihar Accident News:बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह से मुलाकात कर लौट रहे उत्तर प्रदेश के सैयदराजा से भाजपा विधायक सुशील सिंह का काफिला अचानक हादसे का शिकार हो गया।...
Bihar Accident News:बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह से मुलाकात कर लौट रहे उत्तर प्रदेश के सैयदराजा से भाजपा विधायक सुशील सिंह का काफिला अचानक हादसे का शिकार हो गया। उत्तर प्रदेश के चंदौली में नेशनल हाईवे-19 पर एक ऐसी घटना हुई, जिसने सियासी गलियारों से लेकर पुलिस महकमे तक हलचल मचा दी है। बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह से मुलाकात कर लौट रहे उत्तर प्रदेश के सैयदराजा से भाजपा विधायक सुशील सिंह का काफिला अचानक हादसे का शिकार हो गया। तेज रफ्तार और बेकाबू स्कॉर्पियो ने काफिले की गाड़ियों को एक के बाद एक टक्कर मार दी। देखते ही देखते हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में चार लोग घायल हो गए, जबकि कई गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद भाजपा विधायक ने इसे महज सड़क हादसा मानने से इनकार करते हुए सुनियोजित साजिश की आशंका जताई है।
यह पूरा मामला चंदौली जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में फुटिया और मिसिरपुरा गांव के समीप नेशनल हाईवे-19 का है। जानकारी के मुताबिक, विधायक सुशील सिंह अनंत सिंह की बेटी की शादी के समारोह में शामिल होने के बाद अपने काफिले के साथ वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई एक सफेद स्कॉर्पियो ने काफिले में शामिल वाहनों को टक्कर मारनी शुरू कर दी। स्कॉर्पियो ने दो फॉर्च्यूनर और एक अन्य स्कॉर्पियो को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके बाद बेकाबू स्कॉर्पियो सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।
हादसे में काफिले के एक सदस्य और दूसरी स्कॉर्पियो में सवार तीन लोग घायल हुए हैं। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में चालक समेत चार लोग सवार थे। पुलिस, एनएचएआई की टीम और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। स्कॉर्पियो चालक की पहचान सैयदराजा थाना क्षेत्र के मनराजपुर गांव निवासी के रूप में बताई गई है। राहत की बात यह रही कि भाजपा विधायक सुशील सिंह सुरक्षित बच गए और उनकी गाड़ी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
घटना के बाद सुशील सिंह ने पूरे घटनाक्रम पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि उनके काफिले में पीछे करीब 15 और आगे लगभग पांच गाड़ियां चल रही थीं। पीछे से आ रही एक गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद उनकी अपनी गाड़ी भी पलट गई। विधायक के मुताबिक, जिस स्कॉर्पियो से हादसा हुआ, उसने पहले ओवरटेक किया और फिर आगे चल रही गाड़ी में टक्कर मार दी। काफिले में मौजूद लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की और बातचीत भी हुई। संबंधित लोगों ने खुद को स्थानीय निवासी बताया। विधायक का कहना है कि वे नशे की हालत में भी नहीं लग रहे थे, इसलिए जिस तरह से लगातार गाड़ियों को टक्कर मारी गई और जबरन आगे निकलने की कोशिश हुई, उससे मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। उन्होंने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हालांकि, विधायक की ओर से साजिश की आशंका जताई गई है, लेकिन अभी तक किसी साजिश की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही साफ होगा कि यह तेज रफ्तार और लापरवाही का मामला था या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी। हाईवे पर हुए इस घटनाक्रम ने एक बार फिर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।