बिसलेरी के पानी में मिला बैक्टीरिया या जांच में गड़बड़ी ! जांच के नतीजों पर सवाल

कंपनी ने शनिवार को बयान जारी कर कहा कि FSSAI के निर्देश पर संबंधित बैच का पानी पहले ही बाजार से वापस मंगा लिया गया था। हालांकि, उसी बैच के सैंपल की दो अलग-अलग स्वतंत्र प्रयोगशालाओं में जांच कराई गई।

BISLERI - फोटो : news4nation

BISLERI  : पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर बनाने वाली कंपनी बिसलेरी ने पश्चिम बंगाल में उसके पानी के एक सैंपल की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों पर सफाई दी है। कंपनी का दावा है कि दो स्वतंत्र और FSSAI से मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में कराई गई जांच में पानी का सैंपल गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाया गया है। इसके साथ ही बिसलेरी ने खाद्य सुरक्षा नियामक FSSAI से अलग-अलग प्रयोगशालाओं की रिपोर्ट में आए अंतर के कारणों की जांच करने की मांग की है।


दरअसल, FSSAI ने पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के टेलिपारा स्थित बिसलेरी की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट से लिए गए सैंपल की जांच के बाद कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी है। शुक्रवार को सामने आई जानकारी के मुताबिक, जांच में पानी के सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाया गया था। प्राथमिक और रेफरल, दोनों प्रयोगशालाओं की रिपोर्ट में इसकी मौजूदगी की पुष्टि हुई थी। इसके बाद नियामक ने 12 अगस्त 2026 को संबंधित बैच (PB201) की बिक्री पर रोक लगा दी थी।


कंपनी ने शनिवार को बयान जारी कर कहा कि FSSAI के निर्देश पर संबंधित बैच का पानी पहले ही बाजार से वापस मंगा लिया गया था। हालांकि, उसी बैच के सैंपल की दो अलग-अलग स्वतंत्र प्रयोगशालाओं में जांच कराई गई। बिसलेरी के मुताबिक, दोनों प्रयोगशालाओं ने सैंपल को कोलीफॉर्म बैक्टीरिया सहित खाद्य सुरक्षा के अन्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया।


बिसलेरी ने कहा कि नियामक और स्वतंत्र प्रयोगशालाओं की रिपोर्ट में अंतर सामने आना गंभीर समीक्षा का विषय है। कंपनी ने FSSAI से सैंपल लेने की प्रक्रिया, जांच की पद्धति, प्रयोगशालाओं के निष्कर्ष और रिपोर्ट में अंतर के संभावित कारणों की पड़ताल करने का आग्रह किया है। कंपनी का कहना है कि वह जांच में पूरा सहयोग करेगी।


गोवा में भी बिसलेरी के खिलाफ कार्रवाई

यह पहली बार नहीं है जब बिसलेरी के पानी की गुणवत्ता पर सवाल उठा है। इससे पहले गोवा स्थित कंपनी की एक विनिर्माण इकाई से लिए गए सैंपल के निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरने के बाद भी FSSAI ने अभियोजन की मंजूरी दी थी। उस मामले में नियामक ने ब्रोमेट की निर्धारित सीमा से अधिक मात्रा पाए जाने पर सैंपल को असुरक्षित घोषित किया था। कंपनी की अपील के बाद सैंपल रेफरल लैब भेजा गया, जहां जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) पाए जाने के आधार पर उसे असुरक्षित बताया गया।


देशभर में पैकेज्ड पानी की जांच

इस बीच FSSAI के CEO रजित पुनहानी ने हाल ही में बताया कि देशभर में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और मिनरल वाटर के सैंपल लिए जा रहे हैं। इनकी प्रयोगशालाओं में जांच एक से दो महीने में पूरी होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना है, न कि उपभोक्ताओं में डर पैदा करना।


FSSAI ने राज्य के खाद्य आयुक्तों और क्षेत्रीय निदेशकों को भी निगरानी, निरीक्षण और सैंपलिंग तेज करने के निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए नियामक इस साल खाद्य कारोबारियों और ई-कॉमर्स कंपनियों पर भी निगरानी बढ़ा रहा है।