छेड़खानी के पुराने विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष : चाकू लगने से दो युवकों की मौत, एक युवती समेत दो गंभीर रूप से घायल

Bihar Crime : बिहार के नवादा जिले में दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में दो युवकों की मौत हो गई। घटना के पीछे दोनो पक्षों द्वारा अलगृ-अलग आरोप लगाए गए है। एक पक्ष जहां इसे पुराने छेड़खानी विवाद वजह बता रहा है। वहीं दूसरा पक्ष जमीन विवाद बता रहा है

पुराने विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले के नरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटी पाली गांव में सोमवार को छेड़खानी के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक और खूनी संघर्ष हो गया। इस वारदात के दौरान बेखौफ बदमाशों ने चाकूबाजी की घटना को अंजाम दिया, जिसमें दो सगे/चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, इस हमले में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर किया गया है।


मृतकों की हुई पहचान, गांव में पसरा मातमी सन्नाटा

पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, इस वीभत्स हत्याकांड में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान मोहम्मद आरिफ के 22 वर्षीय पुत्र मोहम्मद काशिफ और मोहम्मद इम्तियाज के 22 वर्षीय पुत्र मोहम्मद अहमद के रूप में की गई है। वहीं, हमलावरों के वार से मृतकों के परिवार के ही मोहम्मद आतिफ गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। इसके अलावा, दूसरे पक्ष की ओर से भी मोहम्मद फहीम परवीन की पुत्री नजन परवीन के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद से पूरे गांव में तनाव और मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।


वारदात से एक घंटे पहले मिली थी जान से मारने की धमकी

मृतक के चचेरे भाई मोहम्मद दानिश ने बताया कि उनके परिवार को आरोपी पक्ष द्वारा काफी समय से मारपीट और जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। सोमवार को भी मुख्य वारदात से महज एक घंटे पहले आरोपियों ने उन्हें रास्ते में घेरकर मार गिराने की खुली धमकी दी थी। दानिश के मुताबिक, धमकी के कुछ ही देर बाद अचानक 5-6 की संख्या में आए हथियारबंद लोगों ने उनके भाइयों पर ताबड़तोड़ चाकू चलाना शुरू कर दिया। हमले में दो भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा भाई आतिफ जब उन्हें बचाने दौड़ा, तो हमलावरों ने उसे भी चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया।


छह महीने पहले चचेरी बहन से हुई छेड़खानी का बदला लेने की सनक

इस खूनी रंजिश की मुख्य वजह बताते हुए पीड़ित परिवार के दानिश ने आगे खुलासा किया कि लगभग छह महीने पहले आरोपियों ने उनकी चचेरी बहन के साथ सरेराह छेड़खानी की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया था। उस वक्त उनके परिवार ने न सिर्फ इसका कड़ा विरोध किया था, बल्कि हिम्मत दिखाते हुए स्थानीय थाने में नामजद मुकदमा भी दर्ज कराया था। पुलिसिया कार्रवाई के तहत मुख्य आरोपी को जेल की हवा भी खानी पड़ी थी। इसी कानूनी कार्रवाई और जेल जाने के गुस्से की सनक में आकर आरोपियों ने इस दोहरे हत्याकांड की साजिश रची।


गोतिया से जमीनी विवाद का दावा, दूसरे पक्ष ने भी लगाए आरोप

दूसरी तरफ, मामले में आरोपी पक्ष की महिला फिरोजा खातून ने घटना को लेकर अलग ही कहानी बयां की है। उन्होंने दावा किया कि उनका अपने ही गोतिया (पट्टीदारों) के साथ लंबे समय से जमीन का विवाद चल रहा था। फिरोजा खातून का आरोप है कि गांव का ही कोई तीसरा व्यक्ति उनके गोतिया को जानबूझकर भड़काने की कोशिश कर रहा था, जिसके चलते पहले भी दोनों पक्षों में हिंसक मारपीट हुई थी और उनके परिवार के सदस्य जेल गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि आज फिर दूसरे पक्ष के लोगों ने ही आकर उनके परिवार के साथ मारपीट की शुरुआत की थी। बहरहाल, पुलिस दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की गहन तफ्तीश में जुट गई है।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट