पटना में दिल दहला देने वाली वारदात: सनकी पति ने पहली पत्नी के मायके में घुसकर ससुर, सास, पत्नी और बच्ची को पेट्रोल डाल जिंदा फूंका

Bihar Crime : एक सनकी और क्रूर शख्स ने अपनी पहली पत्नी के मायके में जबरन घुसकर चार लोगों को जिंदा जलाने का प्रयास किया। आरोपी ने घर के भीतर मौजूद अपने ससुर, सास, पहली पत्नी और महज तीन साल की मासूम बच्ची पर पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया..

पटना में दिल दहला देने वाली वारदात- फोटो : रजनीश

Patna : राजधानी पटना के चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत राजा बाबू की गली में दिनदहाड़े एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक सनकी और क्रूर शख्स ने अपनी पहली पत्नी के मायके में जबरन घुसकर चार लोगों को जिंदा जलाने का प्रयास किया। आरोपी ने घर के भीतर मौजूद अपने ससुर, सास, पहली पत्नी और महज तीन साल की मासूम बच्ची पर पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया। इस खौफनाक घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया और चारों तरफ सनसनी फैल गई है।


कंगन घाट से खरीदा था पेट्रोल

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने मामले की त्वरित तफ्तीश के लिए एक विशेष जांच टीम का गठन किया है। जांच की कमान संभाल रहे डीएसपी डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी का नाम कन्हाई है। उसने घटना से ठीक पहले कंगन घाट स्थित एक दुकान से करीब 5 से 6 लीटर पेट्रोल खरीदा था। इसके बाद वह सीधे अपनी पहली पत्नी के घर पहुंचा और सोची-समझी साजिश के तहत पूरे परिवार को कमरे में फूंक दिया।


पूरा परिवार गंभीर रूप से झुलसा

इस दर्दनाक और वीभत्स वारदात में लड़की के पिता पुरुषोत्तम अग्रवाल, मां नीलम अग्रवाल, बहू मोनी कुमारी (आरोपी की पहली पत्नी) और उनकी तीन वर्षीय मासूम बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई हैं। चीख-पुकार मचने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी कन्हाई की महज 15 दिन पहले ही दूसरी शादी हुई थी।


आग लगाकर गंगा नदी में कूदा आरोपी

दिलचस्प और हैरान करने वाली बात यह रही कि घर में आग लगाने के दौरान आरोपी कन्हाई खुद भी उसकी लपटों की चपेट में आ गया और झुलस गया। शरीर में आग लगते ही वह अपनी जान बचाने के लिए भागते हुए पास के कंगन घाट पहुंचा और सीधे गंगा नदी में कूद गया। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुस्तैदी दिखाई और आरोपी को नदी से निकालकर हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस कस्टडी में ही उसका इलाज भी एनएमसीएच (NMCH) में कराया जा रहा है।


घरेलू हिंसा और अवैध वसूली का विवाद

स्थानीय लोगों और परिजनों के मुताबिक, कन्हाई अपनी पहली पत्नी मोनी कुमारी के साथ लगातार मारपीट और घरेलू हिंसा करता था। इसी प्रताड़ना से तंग आकर मोनी ने उससे कानूनी तौर पर तलाक ले लिया था। तलाक देने के एवज में कन्हाई ने ससुराल वालों से मोटी रकम भी वसूली थी, लेकिन उसकी नीयत फिर खराब हो गई और वह दोबारा पैसों की डिमांड कर रहा था। मांग पूरी न होने पर उसने इस नरसंहार जैसी वारदात को अंजाम दे डाला। पुलिस फिलहाल विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई में जुटी है।


रजनीश की रिपोर्ट