घर से बारात जाने निकला युवक मृत मिला, खेत से शव बरामद होने पर सनसनी

परिजनों के अनुसार रंजीत कुमार घर से बारात जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिवार वालों ने उनकी तलाश शुरू की।

Bhojpur crime news- फोटो : news4nation

Bihar News :  भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के शिवरतन नगर में एक युवक का शव खेत से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।


मृतक की पहचान जगदीशपुर निवासी रंजीत कुमार के रूप में हुई है। वह अशोक कुमार सिंह के पुत्र बताए जा रहे हैं। परिजनों के अनुसार रंजीत कुमार घर से बारात जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिवार वालों ने उनकी तलाश शुरू की।


खोजबीन के दौरान शिवरतन नगर स्थित एक खेत से उनका शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के शरीर पर गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं। मृतक के भाई अजीत कुमार ने आरोप लगाया कि रंजीत कुमार की हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया गया है। उन्होंने कहा कि परिवार को किसी अनहोनी की आशंका थी, जिसके बाद लगातार खोजबीन की जा रही थी।


घटना की सूचना मिलते ही जगदीशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

आशीष कुमार की रिपोर्ट