Bihar Crime: 1 करोड़ की ज्वेलरी चोरी का बड़ा खुलासा, बंगाल से ऐसे गिरफ्तार किए गए 2 शातिर चोर

Bihar Crime: अररिया में एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत के गहनों की सनसनीखेज चोरी मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। ...

1 करोड़ की ज्वेलरी चोरी का बड़ा खुलासा- फोटो : reporter

Bihar Crime: अररिया में एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत के गहनों की सनसनीखेज चोरी मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। बीते 19 नवंबर को शगुन ज्वेलर्स में हुई करोड़ों की चोरी का तार पश्चिम बंगाल तक जा पहुंचा। पुलिस ने मालदा में छापेमारी कर गिरोह के दो अंतरराज्यीय शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी के बाद चोरी के बड़े नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पश्चिम बंगाल के मालदा और झारखंड के राजमहल से 5.330 किलोग्राम चांदी के गहने, बर्तन और सोने के अन्य आभूषण बरामद किए हैं।

इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी दूसरे राज्यों में जाकर छिप गए थे। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का गिरोह बेहद शातिर तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। गिरोह के सदस्य झारखंड के राजमहल से मणिहारी के रास्ते गंगा पार कर सीमांचल और बिहार के दूसरे इलाकों में पहुंचते हैं। पहले रोजगार की तलाश के बहाने किसी इलाके में अपनी पहचान बनाते हैं और फिर ज्वेलरी दुकानों की रेकी शुरू कर देते हैं। मौका मिलते ही दुकानों को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी के जेवरात की बरामदगी की गई है। वारदात में इस्तेमाल की गई एक पिकअप वैन भी जब्त की गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के सदस्य छत्तीसगढ़ समेत दूसरे राज्यों में भी इस तरह की चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।

फिलहाल पुलिस की कार्रवाई यहीं नहीं थमी है। गिरोह के बाकी सदस्यों की गिरफ्तारी और चोरी के शेष सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। एक करोड़ से अधिक की चोरी के इस मामले में दो गिरफ्तारियों के बाद अब पुलिस पूरे गिरोह की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

रिपोर्ट- राकेश कुमार भगत