Bihar Crime: पूर्ण शराबबंदी वाले राज्य में शराब लदा ट्रक पलटा तो मच गई लूटने की होड़, बोतलें लेकर भागे ग्रामीण

Bihar Crime:दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से शराब की बोतलें निकालने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया ...

पूर्ण शराबबंदी वाले राज्य में शराब की लूट- फोटो : reporter

Bihar Crime: अररिया रानीगंज थाना क्षेत्र के खरहट के समीप टोल टैक्स पर शराब लदा एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रक का ड्राइवर और खलासी मौके से फरार हो गए। इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से शराब की बोतलें निकालने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई लोग ट्रक से शराब की बोतलें लेकर जाते नजर आए।

घटना की तस्वीर और वीडियो में कथित तौर पर साफ देखा जा सकता है कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के आसपास ग्रामीणों की भीड़ लगी है और लोग ट्रक से शराब की बोतलें निकाल रहे हैं। मामला रानीगंज थाना क्षेत्र के खरहट स्थित टोल टैक्स के पास का बताया जा रहा है।बताया जा रहा है कि शराब से लदा ट्रक टोल टैक्स के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से निकल गए। उनके फरार होने के बाद वहां मौजूद लोगों की भीड़ दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के पास पहुंच गई।इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने ट्रक में लदी शराब की बोतलें निकालनी शुरू कर दीं। देखते ही देखते कई लोग शराब की बोतलें लेकर मौके से जाते दिखाई दिए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई भी तेज हो गई है।

घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सदर एसडीपीओ सुशील कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक में कितनी शराब लदी थी, शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि घटना से संबंधित वीडियो फुटेज के आधार पर शराब लूटने वाले लोगों की पहचान की जाएगी। पहचान होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी है। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि शराब की खेप किसकी थी और ट्रक के चालक व खलासी हादसे के बाद मौके से क्यों फरार हुए। वीडियो फुटेज और जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- राकेश कुमार भगत