Bhagalpur death: भागलपुर में सड़क की बदहाली से गई महिला की जान? खटिया पर अस्पताल ले जाते वीडियो वायरल

Bhagalpur death: भागलपुर के नवटोलिया गांव में सड़क नहीं होने से ग्रामीण परेशान हैं। 52 वर्षीय लक्ष्मी देवी को खटिया पर अस्पताल ले जाने का वीडियो सामने आया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।

Bhagalpur death

Bhagalpur death: भागलपुर से गोपालपुर प्रखंड की डिमाहा ग्राम पंचायत स्थित नवटोलिया गांव में सड़क की समस्या एक बार फिर चर्चा में है। करीब 2000 की आबादी वाले इस गांव में सड़क जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध नहीं होने की बात ग्रामीणों द्वारा कही जा रही है। सड़क के अभाव में ग्रामीणों को आवागमन के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।


इसी बीच गांव की 52 वर्षीय लक्ष्मी देवी को खटिया पर ले जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी देवी, ज्योतिष मंडल की पत्नी थीं। छठ पूजा को लेकर घर की साफ-सफाई के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार, उनका ब्लड प्रेशर बढ़ने के साथ सांस लेने में परेशानी, चक्कर और सिरदर्द की शिकायत हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें खटिया पर लिटाकर अस्पताल ले जाने का प्रयास किया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।


इस घटना के बाद गांव में सड़क की अनुपलब्धता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सड़क नहीं होने के कारण बीमार और जरूरतमंद लोगों को अस्पताल तक पहुंचाने में काफी कठिनाई होती है। आपात स्थिति में खटिया ही मरीजों को ले जाने का एकमात्र सहारा बन जाती है।


वार्ड प्रतिनिधि अजय मंडल ने बताया कि करीब 2000 की आबादी वाले गांव में अब तक सड़क सहित कई बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।


वहीं, जिला परिषद अध्यक्ष विपिन कुमार मंडल ने भी गांव में सड़क नहीं होने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण को लेकर विभाग की ओर से प्राक्कलन तैयार किया जा चुका है, लेकिन वित्त विभाग में मामला अटक गया है। इस दिशा में कई बार प्रयास भी किए गए हैं।


लक्ष्मी देवी की मौत के बाद सामने आए वीडियो ने एक बार फिर नवटोलिया गांव में सड़क की जरूरत और ग्रामीणों की परेशानियों को सामने ला दिया है। ग्रामीणों को अब सड़क निर्माण की दिशा में ठोस पहल का इंतजार है।


Bhagalpur से balmukund kumar