Arwal Death of Bagesh Sharma: 32 वर्षों तक मुखिया रहकर लोगों के दिलों में बनाई जगह, हार्ट अटैक से बागेश मुखिया का निधन; इलाके में शोक की लहर
Arwal Death of Bagesh Sharma: अरवल के साहोपुर और अहमदपुर हरना पंचायत के पूर्व मुखिया बागेश शर्मा का हार्ट अटैक से निधन हो गया। वे करीब 32 वर्षों तक मुखिया रहे।
Arwal Death of Bagesh Sharma: अरवल में सामाजिक सरोकारों से गहरा जुड़ाव, मिलनसार व्यक्तित्व और हर किसी की मदद के लिए तत्पर रहने वाले पूर्व मुखिया बागेश शर्मा नहीं रहे। अरवल जिले की साहोपुर और अहमदपुर हरना पंचायत के पूर्व मुखिया बागेश शर्मा का अचानक हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिजनों के मुताबिक, बागेश शर्मा प्रतिदिन की तरह स्थानीय बाजार से घूमकर घर लौटे थे। इसी दौरान अचानक उनके सीने में दर्द उठा। परिवार के लोग कुछ समझ पाते और उन्हें संभालने की कोशिश करते, उससे पहले ही उनकी सांसें थम गईं। अचानक हुए इस हादसे ने परिवार के साथ-साथ उनके चाहने वालों को भी गहरे सदमे में डाल दिया।
32 वर्षों तक मुखिया रहकर जनता के बीच बनाई खास पहचान
बागेश शर्मा केवल एक जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि इलाके के लोगों के लिए भरोसे और आत्मीयता का नाम थे। लंबे समय तक पंचायत की जिम्मेदारी संभालते हुए उन्होंने करीब 32 वर्षों तक लोगों के सुख-दुख में अपनी भागीदारी निभाई। हंसमुख स्वभाव और सहज व्यवहार के कारण लोग उन्हें 'बागेश मुखिया' के नाम से ही जानते और पुकारते थे। सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रियता और जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा आगे रहने की उनकी प्रवृत्ति ने उन्हें लोगों के दिलों में खास जगह दिलाई थी।
समाज के मजबूत स्तंभ थे बागेश बाबू : गोपाल शर्मा
जहानाबाद जेडीयू के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता गोपाल शर्मा ने बागेश शर्मा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बागेश बाबू समाज के एक मजबूत स्तंभ थे। उनका व्यक्तित्व ऐसा था कि वे हमेशा लोगों के बीच रहते थे और हर किसी की सहायता के लिए तत्पर रहते थे। 32 वर्षों तक मुखिया के रूप में उनकी सामाजिक और सार्वजनिक भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही। उनका निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
परिवार के अनुसार, बागेश शर्मा के तीन बेटे और एक बेटी हैं। सभी विवाहित हैं। उनके अचानक चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बागेश मुखिया का जाना केवल एक परिवार की क्षति नहीं, बल्कि उस सामाजिक अपनत्व की भी कमी है, जिसकी बदौलत एक जनप्रतिनिधि दशकों तक लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाए रखता है। उनकी यादें और समाज के लिए किए गए कार्य लंबे समय तक लोगों के बीच जीवित रहेंगे।