अरवल में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी रंगेहाथ गिरफ्तार...

आरोपी राजस्व कर्मचारी को परिवादी की ओर से ₹4 हजार पहले ही ऑनलाइन दिए जा चुके थे। इसके बाद रिश्वत की बाकी रकम ₹16 हजार देने की बात तय हुई। निगरानी विभाग की टीम ने इसी दौरान आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

Arwal Vigilance Raid- फोटो : news4nation

Bihar News :  अरवल जिले में जमीन से जुड़े काम के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत पर निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सदर प्रखंड की रामपुर वैना पंचायत में तैनात राजस्व कर्मचारी शिवमंगल पासवान को विजिलेंस की टीम ने गुरुवार को ₹16 हजार रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि जमीन की मापी में सुधार करने के एवज में परिवादी से कुल ₹20 हजार की रिश्वत मांगी गई थी।


मिली जानकारी के अनुसार, अरवल सदर थाना क्षेत्र के उमैराबाद बाजार निवासी रविंद्र कुमार सोनी ने राजस्व कर्मचारी के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि जमीन की मापी में सुधार कराने के लिए कर्मचारी ने ₹20 हजार की मांग की है।


शिकायत के बाद निगरानी विभाग ने मामले की प्रारंभिक जांच की। जांच में रिश्वत मांगने की बात सही पाए जाने के बाद आगे की कार्रवाई के लिए धावादल का गठन किया गया।


पहले ऑनलाइन दिए ₹4 हजार 

बताया गया कि आरोपी राजस्व कर्मचारी को परिवादी की ओर से ₹4 हजार पहले ही ऑनलाइन दिए जा चुके थे। इसके बाद रिश्वत की बाकी रकम ₹16 हजार देने की बात तय हुई। निगरानी विभाग की टीम ने इसी दौरान आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। गुरुवार को जैसे ही राजस्व कर्मचारी ने परिवादी से ₹16 हजार की रिश्वत स्वीकार की, निगरानी टीम ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया। कार्रवाई के बाद टीम आरोपी को अपने साथ ले गई।


निगरानी विभाग के डीएसपी वसीम फिरोज के अनुसार, इसी महीने रिश्वत मांगने से संबंधित शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के सत्यापन में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद मामला दर्ज किया गया और आरोपी को पकड़ने के लिए धावादल का गठन किया गया।


विजिलेंस की इस कार्रवाई के बाद अरवल के राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। जमीन की मापी और उससे जुड़े दस्तावेजों में सुधार के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में हुई इस कार्रवाई को निगरानी विभाग की भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम का हिस्सा माना जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

अनिल की रिपोर्ट