Bihar Crime: सीएसपी संचालक को गोली मार 3 लाख लूटने वाला आरोपी को पुलिस ने दबोचा, वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद

Bihar Crime: सीएसपी संचालक को गोली मारकर करीब तीन लाख रुपये, लैपटॉप और अन्य सामान लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को मोहनिया से गिरफ्तार किया है।...

अपराधी गिरफ्तार- फोटो : reporter

Bihar Crime: औरंगाबाद के फेसर थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक को गोली मारकर करीब तीन लाख रुपये, लैपटॉप और अन्य सामान लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को मोहनिया से गिरफ्तार किया है। वारदात के बाद फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने लूटकांड में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है। आरोपी की पहचान औरंगाबाद जिले के अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र के अकोढ़ी मेला गांव निवासी मदन कुमार के पुत्र पंकज कुमार के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, घटना गरबा की सुबह फेसर थाना क्षेत्र में बढ़ई बिगहा और पिरौटा गांव के बीच हुई थी। बाइक सवार अपराधियों ने सीएसपी संचालक प्रदीप कुमार को ओवरटेक कर रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि अपराधियों ने पहले उनके साथ मारपीट की और फिर गोली मारकर करीब तीन लाख रुपये नकद, लैपटॉप और अन्य सामान लूट लिया। गोली लगने से घायल सीएसपी संचालक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद औरंगाबाद पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस को इनपुट मिला कि लूटकांड में शामिल एक आरोपी बाइक से मोहनिया पहुंचा है। सूचना मिलते ही औरंगाबाद एसपी के निर्देश पर मोहनिया थाना, कुदरा थाना और डीआईयू की संयुक्त टीम गठित की गई।

संयुक्त पुलिस टीम ने मोहनिया के पटना मोड़ के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को दबोच लिया। पुलिस की तलाशी में उसके पास से वह बाइक बरामद हुई, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर लूट की वारदात में किया गया था। गिरफ्तारी के बाद औरंगाबाद पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई, जहां उससे पूछताछ कर कांड में उसकी भूमिका और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि औरंगाबाद में सीएसपी संचालक को गोली मारकर लूट के मामले में एक आरोपी को पटना मोड़ से पकड़ा गया है। गिरफ्तारी के बाद औरंगाबाद पुलिस उसे अपने साथ ले गई है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस लूटकांड की साजिश में कौन-कौन लोग शामिल थे, वारदात से पहले रेकी की गई थी या नहीं और लूट की रकम व अन्य सामान का क्या हुआ। आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

रिपोर्ट-दीनानाथ मौआर