Bihar Crime:खुशियाँ बाँटने वाली नेहा सिंह ने लगाई फाँसी, शक, शराब और झगड़े में रिश्तों की डोर टूटने की कहनी जान लीजिए..
Bihar Crime: औरंगाबाद के महुआ शहीद मोहल्ला में उस समय सनसनी फैल गई, जब दूसरों के चेहरों पर खुशी बिखेरने वाली मशहूर आर्केस्ट्रा डांसर नेहा सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
Bihar Crime: औरंगाबाद के महुआ शहीद मोहल्ला में उस समय सनसनी फैल गई, जब दूसरों के चेहरों पर खुशी बिखेरने वाली मशहूर आर्केस्ट्रा डांसर नेहा सिंह ने बीती रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना रविवार देर रात की है, जिसने एक बार फिर रिश्तों की उलझनों और नशे के घातक परिणामों को उजागर किया है।
रात 3 बजे की कॉल और मौत की धमकी:
आपको बता दें कि मृतका नेहा सिंह (40) दिल्ली की रहने वाली थी और पिछले तीन सालों से औरंगाबाद के महुआ शहीद मोहल्ला में बाबूलाल प्रसाद के मकान में किराए पर रह रही थी। उसके साथ उसका 10 साल का बेटा शिवांश और आर्केस्ट्रा में काम करने वाली अन्य लड़कियाँ भी रहती थीं। उसका पति, डिहरी निवासी दर्पण पासवान (45), भी उसी के साथ रहता था, लेकिन घटना के समय वह किसी ज़रूरी काम से अपने पैतृक गाँव डिहरी गया हुआ था।
झारखंड के हरिहरगंज से एक प्रोग्राम कर नेहा सिंह तकरीबन रात 3 बजे भोर में लौटी थी। लौटते ही उसने अपने पति को फोन किया और फोन पर ही दोनों के बीच तीखी कहासुनी हुई। सूत्रों के अनुसार, नेहा सिंह ने फोन पर ही अपने पति दर्पण को फांसी लगाकर आत्महत्या करने की धमकी भी दी थी। दर्पण, अपनी पत्नी की बातों से बेहद चिंतित था, लेकिन उस समय वह डिहरी में होने के कारण कुछ कर नहीं पाया। नेहा की बात उसे सोने नहीं दे रही थी। उसने अपने बेटे शिवांश को फोन किया और मम्मी के बारे में पूछा तो शिवांश ने बताया कि मम्मी अभी सोई नहीं हैं और अपने कमरे में मोबाइल देख रही हैं।
सिर्फ़ कुछ देर बाद, मौत ने दी दस्तक:
लेकिन, थोड़ी ही देर के बाद नेहा सिंह ने पंखे में दुपट्टा बांधकर फांसी के फंदे से अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सुबह लगभग 4:00 बजे जब दर्पण ने नेहा के साथ काम करने वाली रोशनी को फोन किया और उसे नेहा के कमरे में जाकर देखने को कहा, तो कमरे में पहुँचते ही रोशनी के होश उड़ गए। नेहा फंदे से लटकी हुई मिली। रोशनी ने चीखकर घटना की जानकारी नेहा के बेटे शिवांश और अन्य लोगों को दी। आवाज़ सुनकर मकान मालिक और आसपास के अन्य लोग वहाँ पहुँचे और नेहा को फंदे से उतारा गया। सूचना मिलने के लगभग एक घंटे बाद मृतका का पति दर्पण भी वहाँ पहुँचा और उसने नगर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुँची और मामले की गहन छानबीन में जुट गई। थाना अध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जाँच जारी है।
मृतका के बेटे का खुलासा: "मम्मी अक्सर शराब पीकर पापा से झगड़ा करती थी"
मृतका का पुत्र शिवांश ने इस मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। शिवांश ने बताया कि उसकी मम्मी नेहा की पहली शादी दिल्ली में हुई थी। नेहा नृत्य कला की मशहूर डांसर थी और अक्सर आर्केस्ट्रा के कार्यक्रमों में भाग लेती रहती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात डेहरी के जक्खी बिगहा निवासी दर्पण से हुई, जो आर्केस्ट्रा ग्रुप के ऑर्गनाइज़र का काम करता था।
दोनों को अक्सर एक साथ कार्यक्रमों में आना-जाना होता था। इस दौरान उनकी नजदीकियाँ काफ़ी बढ़ती चली गईं और प्यार गहराता चला गया। इसी दौरान, छह साल पहले नेहा ने अपने पहले पति को छोड़कर दर्पण के साथ दूसरी शादी रचा ली। वह अपने पहले पति से हुए बेटे शिवांश को भी अपने साथ डेहरी ले आई। इसके बाद दर्पण ने नेहा के नाम से 'नेहा एंटरटेनमेंट ग्रुप' बनाया और औरंगाबाद में किराए के मकान पर रहने लगे। वे बंगाल तथा अन्य जगहों से दूसरी लड़कियों को बुलाकर रखते थे। पति-पत्नी मिलकर शादी पार्टी तथा अन्य समारोहों के लिए आर्केस्ट्रा की बुकिंग करते थे। नेहा खुद एक डांसर थी, इसलिए कई डांसर से उसका भी संपर्क था। उसका पति दर्पण भी काफी समय से इस फील्ड में काम कर रहा था, इसलिए उसकी भी काफी कलाकारों से जान-पहचान थी।
शक, शराब और झगड़ा: रिश्तों की डोर टूटने की कहानी
कार्यक्रम के सिलसिले में अक्सर दर्पण को दूसरी लड़कियों के साथ बातचीत करनी पड़ती थी, जो नेहा को बिल्कुल पसंद नहीं आता था। इस बात को लेकर दोनों के बीच हमेशा विवाद और मारपीट होती रहती थी। इस राज को मृतका के पुत्र शिवांश ने ही खोल कर रख दिया। उसने बताया कि "मम्मी अक्सर शराब पीकर आती थी और नशे की हालत में वह पापा के साथ झगड़ा करती थी और कई बार पहले भी फांसी लगाकर आत्महत्या करने की धमकी देती थी।"
नेहा ने झारखंड के कार्यक्रम से लौटने के दौरान जमकर शराब का सेवन किया। नशे की हालत में उसे अपने पति के प्रति कई तरह के शक गहराने लगे। उसे यकीन होने लगा कि दर्पण किसी अन्य लड़की के साथ रात गुजार रहा है। यह सदमा, नशे की हालत में नेहा सिंह पर भारी पड़ गया और उसने फांसी के फंदे को गले लगाना उचित समझा। इस तरह, एक कलाकार, जो दूसरों को खुशियाँ देती थी, ने अपने जीवन का दुखद अंत कर लिया।
दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट