Bihar Crime: मंदार पर्वत वीडियो कांड में बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, ब्लैकमेलिंग का भी खुलासा
Bihar Crime: ऐतिहासिक मंदार पर्वत परिसर से जुड़ा आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।...
Bihar Crime: बांका के बौंसी थाना क्षेत्र के ऐतिहासिक मंदार पर्वत परिसर से जुड़ा आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल ने तकनीकी, मानवीय और पारंपरिक अनुसंधान के आधार पर छापेमारी करते हुए मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद इस पूरे प्रकरण में कथित छेड़खानी, ब्लैकमेलिंग और आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की परतें सामने आई हैं।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो सामने आने के बाद बौंसी थाना कांड संख्या 248/26 दर्ज किया गया था। मामले में बीएनएसऔर आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने अनंत कुमार (19), विभीषण कुमार (20) और मो. अब्दुल्ला (21) को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक अनंत को उसके घर से, विभीषण को पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन से और अब्दुल्ला को पश्चिम बंगाल के हावड़ा जंक्शन रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया। इस घटना में शामिल चार विधि-विरुद्ध बालकों में से दो को भी निरुद्ध किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के बयान के आधार पर सामने आया कि 3 जून 2026 को घर लौटते समय दो आरोपियों ने उसे घर छोड़ने के बहाने सुनसान स्थान पर ले जाने का कथित प्रयास किया। वहां विवाद के दौरान मौजूद कुछ युवकों में से एक ने वीडियो बना लिया। आरोप है कि वीडियो को वायरल नहीं करने के एवज में 20 हजार रुपये की मांग की गई। पुलिस के मुताबिक इस रकम में से 1,500 रुपये आरोपी अनंत द्वारा अब्दुल्ला के खाते में ट्रांसफर किए गए।इसके बाद पीड़िता की मां के बयान पर बौंसी थाना कांड संख्या 253/26 दर्ज किया गया। इसमें BNS की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं।
वहीं, वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने के मामले में साइबर थाना बांका में अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि वीडियो प्रसारित करने वाले 49 'X' यूजर्स और एक Instagram यूजर के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क, वीडियो के प्रसार और मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
रिपोर्ट- पुष्कर प्रवीण