Bihar Crime:रील का शौक पड़ा भारी,वायरल वीडियो ने पहुंचाया जेल, पुलिस ने देसी पिस्तौल और कारतूस किया बरामद

Bihar Crime: हथियार के साथ रील बनाने का खुमार एक युवक पर भारी पड़ गया ,अब वह सलाखों के पीछे पहुंच गया है।...

रील का शौक पड़ा भारी- फोटो : reporter

Bihar Crime:हथियार के साथ रील बनाने का खुमार एक युवक पर भारी पड़ गया ,अब वह सलाखों के पीछे पहुंच गया है। बांका जिले में सोशल मीडिया की चकाचौंध और रील स्टाइल का ऐसा खुमार एक युवक पर भारी पड़ गया कि अब वह सलाखों के पीछे पहुंच गया है। अमरपुर थाना क्षेत्र के खैरा गांव में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक ऐसे युवक को दबोच लिया, जिसने हथियार के साथ वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। गिरफ्तार युवक की पहचान धर्मेंद्र उर्फ लालू भाई के रूप में हुई है, जो खैरा गांव का ही निवासी बताया जा रहा है। बताया जाता है कि युवक ने देसी पिस्तौल लहराते हुए एक वीडियो बनाया था, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इलाके में सनसनी फैल गई।

वीडियो सामने आते ही बांका पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र नाथ वर्मा के निर्देश पर वीडियो की सत्यता की जांच कराई गई, जिसमें यह स्पष्ट हो गया कि वीडियो असली है और युवक के पास अवैध हथियार मौजूद हैं। इसके बाद अमरपुर थाना अध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी अभियान चलाया गया।पुलिस टीम ने खैरा गांव में दबिश देकर आरोपी को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। माना जा रहा है कि इसी मोबाइल से वीडियो शूट और अपलोड किया गया था।

इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और लोग सोशल मीडिया पर बढ़ती इस तरह की हथियार संस्कृति पर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार उसे कहां से मिला और इसका इस्तेमाल किसी बड़े अपराध में तो नहीं होना था। साथ ही पुलिस यह भी खंगाल रही है कि क्या इस तरह की रील के पीछे कोई और नेटवर्क सक्रिय है।

चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट