Bihar Crime: दिनदहाड़े युवक पर फायरिंग,चेहरे में धंसी गोली, मौत से जंग जारी

Bihar Crime: बिहार में उस वक्त खौफ और दहशत का मंजर फैल गया, जब दिनदहाड़े एक युवक को निशाना बनाकर गोली मार दी गई।...

दिनदहाड़े युवक पर जानलेवा फायरिंग- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में उस वक्त खौफ और दहशत का मंजर फैल गया, जब दिनदहाड़े एक युवक को निशाना बनाकर गोली मार दी गई। इस खूनी खेल ने पूरे इलाके को दहला दिया और हर तरफ अफरा-तफरी मच गई। घटना बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र के बेलडीहा गांव की है।घायल युवक की पहचान अंबुज कुमार के रूप में हुई है, जो संजीव कुमार सिंह का बेटा बताया जा रहा है। वारदात के पीछे आपसी रंजिश, दुश्मनी या कोई छिपा हुआ राज इन सभी एंगल्स पर पुलिस तहकीकात कर रही है।

परिजनों के मुताबिक, अंबुज अपने घर के पास बेखौफ टहल रहा था, तभी अचानक गोलियों की गूंज ने सन्नाटा चीर दिया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, अंबुज खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली सीधे उसके चेहरे गाल में जाकर धंस गई, जिससे हालत नाजुक हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों के बीच खौफ-ओ-हड़कंप मच गया। आनन-फानन में जख्मी युवक को बेलहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए ‘इमरजेंसी रेफरल’ करते हुए भागलपुर भेज दिया।

सूत्रों के मुताबिक, परिजनों ने उसे भागलपुर के मायागंज अस्पताल के बजाय एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसके चेहरे से गोली बाहर निकाल दी। फिलहाल अंबुज की हालत ‘स्थिर लेकिन नाजुक’ बताई जा रही है, और वह जिंदगी व मौत के बीच जंग लड़ रहा है।

इधर, वारदात की खबर मिलते ही बेलहर थाना पुलिस हरकत में आ गई। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने ऑपरेशन धरपकड़ शुरू कर दिया है। दो टीमें अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर शक की सुई घुमाई है और उसका नाम पुलिस को सौंप दिया है। अब पुलिस उस ‘मुजरिम’ की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। यह वारदात सिर्फ एक फायरिंग नहीं, बल्कि उस अंडरकरंट दुश्मनी की कहानी है, जो अब खुलकर खून की भाषा बोलने लगी है और बेलडीहा की फिजाओं में अब भी खौफ तैर रहा है।

चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट