Bihar Crime: 20 लाख नहीं देने पर घर पर बरसीं गोलियां, करीब 40 राउंड फायरिंग से थर्राया इलाका
Bihar Crime:रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर घर पर ताबड़तोड़ गोलीबारी किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।...
Bihar Crime: बेगूसराय जिले के छौड़ाही थाना क्षेत्र में रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर घर पर ताबड़तोड़ गोलीबारी किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित विजय कुमार, पिता स्वर्गीय लक्ष्मण राय, निवासी वार्ड संख्या-18, पो. पनसल्ला, थाना छौड़ाही ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि बदमाशों ने उससे 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रकम नहीं देने पर बदमाशों ने उसके घर को निशाना बनाकर करीब 40 राउंड गोलीबारी की। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
शिकायत के मुताबिक वारदात 5 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब तीन बजे हुई। विजय कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर में सोया हुआ था। इसी दौरान अचानक बाहर से गोलियां चलने की आवाज आने लगी। देखते ही देखते बदमाशों ने घर के मुख्य दरवाजे की तरफ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से परिवार के लोगों में अफरातफरी मच गई। पीड़ित ने किसी तरह घर के भीतर सुरक्षित रहकर अपनी जान बचाई।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कुछ देर बाद जब घर के अन्य लोग बाहर निकले तो कई हथियारबंद लोग फायरिंग करते दिखाई दिए। बदमाशों ने कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देते हुए 20 लाख रुपये की रंगदारी देने का फरमान सुनाया। शिकायतकर्ता के अनुसार बदमाशों ने धमकाया कि अगर रकम नहीं दी गई तो आने वाले दिनों में परिवार के सभी सदस्यों को जान से मार दिया जाएगा।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि बदमाश इससे पहले भी रंगदारी की मांग कर चुके थे और लगातार पैसे देने का दबाव बनाया जा रहा था। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत के अनुसार भागने के दौरान बदमाशों ने सड़क पर एक वाहन खड़ा किया और वहां से दक्षिण दिशा की ओर निकल गए।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने मौके से दो खोखे और एक चप्पल बरामद की है। शिकायत में भरत यादव, मनीष कुमार समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुलिस स्तर से जांच चल रही है और आरोपियों की संलिप्तता की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फायरिंग की इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और अपराधियों द्वारा कथित रंगदारी मांगने को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस अब गोलीबारी के कारण, रंगदारी की मांग और आरोपियों की भूमिका समेत पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और घटना में इस्तेमाल हथियार व वाहन की पहचान कैसे की जा सकती है।
रिपोर्ट- अजय कुमार शास्त्री