Bihar Crime: होटल में बंद कर युवती पर टूटा कहर! मारपीट-दुष्कर्म के बाद अश्लील वीडियो वायरल, आरोपी फरार

Bihar Crime: बेगूसराय में एक युवती के साथ होटल के कमरे में कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट और दुष्कर्म का मामला सामने आया है।...

होटल में युवती से दरिंदगी- फोटो : reporter

Bihar Crime: बेगूसराय में एक युवती के साथ होटल के कमरे में कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि घटना के दौरान युवती की जूते-चप्पलों और लात-घूंसों से पिटाई की गई। इसके बाद उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

घटना नगर थाना क्षेत्र में एनएच किनारे स्थित एक होटल की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, घटना 27 सितंबर की सुबह की है। पीड़िता का आरोप है कि वह अपने घर से निकली थी। इसी दौरान पहचान का एक युवक उसे बाइक से होटल ले गया और कथित तौर पर दूसरे युवक के हवाले कर दिया। इसके बाद भगवानपुर थाना क्षेत्र के दामोदरपुर निवासी रोहित कुमार उसे होटल के कमरे में ले गया और दरवाजा बंद कर दिया।

पीड़िता के बयान के अनुसार, कमरे के अंदर आरोपी ने उसके साथ जमकर मारपीट की। आरोप है कि जूते-चप्पल और लात-घूंसों से उसकी पिटाई की गई। युवती के बार-बार गुहार लगाने और बचने की कोशिश के बावजूद मारपीट जारी रही। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है।

मामला यहीं नहीं रुका। आरोप है कि घटना के दौरान मोबाइल फोन से वीडियो बनाया गया। पीड़िता का आपत्तिजनक वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया और बाद में उसे वायरल कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है।

पीड़िता घटना के बाद कार्रवाई के लिए थाने पहुंची। पुलिस ने उसके बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। नगर थानाध्यक्ष सतीश कुमार हिमांशु ने बताया कि होटल में युवती के साथ मारपीट की घटना सामने आई है और इसका वीडियो भी पुलिस को मिला है। एक आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।

घटना के बाद बेगूसराय में महिला सुरक्षा और आपत्तिजनक वीडियो के जरिए पीड़िता को दोबारा प्रताड़ित किए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब होटल में मौजूद लोगों, घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और वायरल वीडियो के स्रोत की जांच कर रही है। साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ होगी। फिलहाल पीड़िता के आरोपों और सामने आए वीडियो के आधार पर मामले की जांच जारी है।

रिपोर्ट- अजय शास्त्री