Bihar Crime: दो फुट जमीन के लिए खूनी खेल, अस्पताल बना रणक्षेत्र, दो गुटों की हिंसक भिड़ंत में दो की मौत

Bihar Crime:गांव में शुरू हुआ विवाद बाद में अस्पताल परिसर तक पहुंच गया, जहां दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और देखते ही देखते दो लोगों की जान चली गई।...

दो फुट जमीन के लिए खूनी खेल- फोटो : reporter

Bihar Crime:गांव में शुरू हुआ विवाद बाद में अस्पताल परिसर तक पहुंच गया, जहां दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और देखते ही देखते दो लोगों की जान चली गई।भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मदई गांव में महज दो फुट जमीन के विवाद ने ऐसा खूनी रूप ले लिया कि पूरा इलाका दहशत और तनाव में डूब गया। 

मृतकों की पहचान एक पक्ष के राजनाथ सिंह (55 वर्ष) और दूसरे पक्ष के राधेश्याम प्रसाद (32 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जो अचानक हिंसक संघर्ष में बदल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गांव में पहले कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर टूट पड़े। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची जरूर, लेकिन आरोप है कि हालात को नियंत्रित करने के बजाय दोनों पक्षों को इलाज के लिए अस्पताल भेजकर वापस लौट गई।

यहीं से हालात और बिगड़ गए। जब दोनों पक्ष आरा सदर अस्पताल पहुंचे तो वहां भी तनाव बढ़ गया और अस्पताल परिसर ही रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। दोनों गुटों के बीच दोबारा हिंसक झड़प शुरू हो गई। अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान गंभीर रूप से घायल राजनाथ सिंह और राधेश्याम प्रसाद की मौत हो गई। वहीं महिलाओं समेत आधा दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि पुलिस दोनों पक्षों को सुरक्षा घेरे में अस्पताल ले जाती, तो इतनी बड़ी घटना टाली जा सकती थी। लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि संवेदनशील मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।इस बीच अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक कई कैमरे लंबे समय से खराब पड़े थे। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि पूरी घटना कैमरे में कैद हुई है या नहीं।

राज ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर मारपीट की घटना हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।घटना के बाद मदई गांव में तनाव का माहौल कायम है। पुलिस लगातार कैंप कर रही है और हालात पर नजर बनाए हुए है। वहीं इस दोहरे हत्याकांड ने एक बार फिर छोटे जमीन विवादों के खतरनाक रूप और प्रशासनिक सतर्कता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्टर- आशीष कुमार