Bihar Police Encounter: बिहार में 5 दिन में छठा एनकाउंटर, जहानाबाद में रावण का खेल खत्म! पुलिस ने कातिल को दौड़ाकर मारी गोली

Bihar Police Encounter: बिहार में इन दिनों पुलिस और बदमाशों के बीच आर-पार की जंग छिड़ी हुई है। बिहार में 5 दिन में छठा एनकाउंटर हुआ है......

पुलिस ने कातिल को दौड़ाकर मारी गोली- फोटो : reporter

Bihar Police Encounter: बिहार में इन दिनों पुलिस और बदमाशों के बीच आर-पार की जंग छिड़ी हुई है। ताज़ा मामला जहानाबाद से सामने आया है, जहां दीपक हत्याकांड के मुख्य मुल्जिम विक्कू सिंह उर्फ रावण को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। एनकाउंटर के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे फौरन सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। खास बात ये है कि सम्राट सरकार में बीते 5 दिनों के अंदर ये छठा एनकाउंटर बताया जा रहा है।

दरअसल, पुलिस ने गुरुवार रात घोसी थाना इलाके में विक्कू सिंह उर्फ रावण को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम उसे हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद करने के लिए धुरयारी नहर के पास लेकर गई। पुलिस का दावा है कि जैसे ही आरोपी ने झाड़ियों में छिपाया गया हथियार निकाला, उसने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग झोंक दी और मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और दौड़ाकर आरोपी के पैर में गोली मार दी।

एसपी  के मुताबिक पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। गोली लगते ही आरोपी जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर अस्पताल भेजा गया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

बताया जा रहा है कि बीते सोमवार की रात भेलावर थाना क्षेत्र के डेढ़सैया गांव में दीपक कुमार शर्मा की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। बाइक सवार दो शूटरों ने दीपक के सिर में गोली मारकर मौके पर ही मौत के घाट उतार दिया था। मृतक चातर गांव निवासी कौशल किशोर शर्मा का बेटा था। इस कत्ल के बाद पूरे इलाके में खौफ और गुस्से का माहौल बन गया था। पुलिस पर भी अपराधियों को जल्द पकड़ने का जबरदस्त दबाव था।

तफ्तीश के दौरान पुलिस को विक्कू सिंह उर्फ रावण का नाम मिला, जिसके बाद लगातार छापेमारी की जा रही थी। आखिरकार गुरुवार को पुलिस ने उसे धर दबोचा। अब पुलिस इस हत्याकांड में शामिल बाकी अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है।

इधर बिहार में लगातार हो रहे एनकाउंटर चर्चा का विषय बने हुए हैं। इससे पहले सीवान में सोना दुकान लूटकांड के आरोपी को पुलिस ने पैर में गोली मारी थी। वहीं पटना में शिक्षक लूटकांड और सिक्योरिटी वैन से 27 लाख की लूट के मामलों में भी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए। इसके अलावा समस्तीपुर में भी पुलिस और बदमाशों के बीच कई राउंड फायरिंग हुई थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से बिहार पुलिस अब अपराधियों के खिलाफ पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दे रही है।

रिपोर्ट-रंजीत कुमार