बिहार STF को मिली कामयाबी: दिल्ली साइबर क्राइम के बड़े मामले में फरार पिता-पुत्र को पटना से दबोचा

बिहार एसटीएफ को एकबार फिर बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। एसटीएफ ने दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर दिल्ली साइबर क्राइम के एक बड़े मामले में फरार चल रहे पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है.....

Patna/Delhi : बिहार पुलिस की विशेष कार्य बल (STF) और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम को साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने दिल्ली के एक बड़े साइबर फ्रॉड मामले में वांछित दो शातिर अपराधकर्मियों को पटना से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के मोहरी बगीचा निवासी अरविंद भारती (पिता स्वर्गीय सुरेंद्र भारती) और उसके पुत्र शनि कुमार के रूप में की गई है। दोनों पिछले कुछ समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहे थे।


दिल्ली पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना

पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार दिनांक 16 मई 2026 को बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने एक गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त रूप से जाल बिछाया। अपराधियों के पटना शहर में छिपे होने की सटीक लोकेशन मिलने के बाद टीम ने पटना जिला के जक्कनपुर थाना क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी की। पुलिस टीम को देखकर दोनों आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही धर दबोचा।


यह पूरी कार्रवाई दिल्ली के 'साइबर पुलिस स्टेशन सेंट्रल' (Cyber Police Station Central, Delhi) में दर्ज कांड संख्या 00025/2026 के तहत की गई है। यह मामला इसी वर्ष 7 फरवरी 2026 को दिल्ली में दर्ज किया गया था, जिसमें इन दोनों आरोपियों की संलिप्तता के पुख्ता सबूत मिले थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस लगातार इन अपराधियों के ठिकानों पर नजर रख रही थी और अंततः बिहार एसटीएफ के सहयोग से इन्हें दबोचने में कामयाबी हासिल हुई।


धोखाधड़ी समेत कई मामले है दर्ज

गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) [धोखाधड़ी] और 340 [गलत तरीके से बंधक बनाना/रोकना] के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह गिरोह डिजिटल माध्यमों से लोगों को ठगने और आपराधिक साजिश रचने के कई मामलों में शामिल रहा है। दिल्ली पुलिस को आशंका है कि इन दोनों की गिरफ्तारी से अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड नेटवर्क से जुड़े कई अन्य चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।


जक्कनपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस और एसटीएफ की टीम ने दोनों आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ की है। कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने और स्थानीय अदालत से ट्रांजिट रिमांड हासिल करने के बाद दिल्ली पुलिस दोनों आरोपित पिता-पुत्र को अपने साथ दिल्ली ले जाने की तैयारी कर रही है, ताकि कांड के अन्य पहलुओं और उनके बैंक खातों व तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जा सके। बिहार एसटीएफ की इस त्वरित कार्रवाई की वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सराहना की है।


अनिल की रिपोर्ट